रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 सितम्बर। महिला थाना पुलिस ने दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। भनपुरी निवासी निशा सिंह ने अपने पति आशीष सिंह और ससुरालियों पर कार और दस लाख रुपए की मांग करने का आरोप लगाया है। दहेज की मांगी गई सर्त पूरी न करने पर उसे लगातार प्रताडि़त कर गाली-गलौज व मारपीट किया जाता रहा।
निशा सिंह ने बताया कि उसका विवाह वर्ष 2021 में आशीष सिंह से हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष ने मांग पर 6 लाख 21 हजार रुपये नगद, सोने-चांदी के जेवर और अन्य घरेलू सामान दिए थे। शादी के कुछ माह बाद से ही पति आशीष सिंह, सास सुशीला सिंह, ससुर शंभू सिंह और ननद साधना एवं वंदना सिंह दहेज के लिए ताना देने लगे। ससुराल पक्ष की ओर सेे बार-बार कार और 10 लाख रुपए की मांग करते थे। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया।
निशा सिंह ने बताया कि पति ने दूसरी शादी करने की धमकी दी और यहां तक कहा कि वह आत्महत्या कर झूठे मामले में पत्नी को फंसा देगा। इससे परेशान महिला 8 जून 2025 से अपने मायके भनपुरी में आ गई। इसके बावजूद उनका ताना कम नहीं हुआ। तब निशा ने महिला थाना जाकर पति आशीष सिंह और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ 3(5) 85 का अपराध दर्ज कराई है। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।


