रायपुर

छत्तीसगढ़ निर्माता के रूप में सदैव रहेंगे स्मरणीय-साय
16-Aug-2025 8:30 PM
छत्तीसगढ़ निर्माता के रूप में सदैव रहेंगे स्मरणीय-साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 अगस्त। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर  उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर कहा कि श्रद्धेय स्वर्गीय अटल जी हमारे राज्य के निर्माता हैं। अटल जी का छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के भौगोलिक क्षेत्र को नए राज्य का स्वरूप देकर प्रदेशवासियों की भावनाओं का सम्मान किया, जिसके लिए वे सदैव स्मरणीय रहेंगे।

 अवंती विहार चौक पर आयोजित माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि समारोह को संबोधित करते सीएम साय ने कहा-आज हम छत्तीसगढ़वासी अपने पते में जिस छत्तीसगढ़ शब्द का उपयोग करते हैं, वह श्रद्धेय अटल जी की ही देन है। वे हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे।   जब छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण संबंधी बिल संसद में प्रस्तुत हुआ, उस चर्चा को भी मुझे श्रोता के रूप में सुनने का अवसर मिला।  अटल जी ने हमें सिखाया कि सिद्धांतों पर हमेशा दृढ़ रहना चाहिए। वे सिद्धांत एवं मूल्यों की राजनीति को ही महत्व देते थे। कार्यक्रम को विधायक  पुरंदर मिश्रा एवं राज्य खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति निगम के अध्यक्ष  संजय श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, किशोर महानंद, जयंती पटेल, अवंती विहार व्यापारी संघ के पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट