रायपुर

मन की बात में बिल्हा की महिलाओं को पीएम ने सराहना
27-Jul-2025 7:16 PM
मन की बात में  बिल्हा की महिलाओं को पीएम ने सराहना

साय बोले- यह हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का क्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 27 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी स्थित निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियोवार्ता ‘मन की बात’ सुना। इस अवसर पर विकास मरकाम, नवीन मार्कण्डेय, अमित चिमनानी, हर्षिता पांडे, अमित साहू विश्वदिनी पाण्डेय सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए विशेष गौरव का विषय है, क्योंकि बिलासपुर जिले के नगर पंचायत बिल्हा में स्वच्छता के क्षेत्र में मातृशक्ति द्वारा किए गए नवाचार का उल्लेख स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम में किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिल्हा की महिलाओं को वेस्ट मैनेजमेंट की ट्रेनिंग दी गई और उन्होंने मिलकर शहर की तस्वीर बदल डाली। यह उल्लेख हम सभी छत्तीसगढ़वासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा किबिल्हा की महिलाओं ने दिखा दिया कि जब संकल्प और सहयोग एक साथ हों, तो कोई भी बदलाव असंभव नहीं होता। स्वच्छता की इस मिसाल ने पूरे देश में छत्तीसगढ़ को गौरवान्वित किया है। बिल्हा की महिलाओं ने अपने संकल्प से इसे देश का सबसे स्वच्छ शहर बना दिया है।

प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने जवाहर नगर मंडल में सुना

जवाहर नगर मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़ाईपारा दुलार धर्म शाला में सुना। इस दौरान लौह शिल्प कर्मकार मंडल के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा,तात्यापारा पार्षद श्रीमती श्वेता विश्वकर्मा, इंदिरा गांधी वार्ड के पार्षद अवतार सिंह बागल, पूर्व जिला अध्यक्ष राजेश पांडे, जवाहर नगर मंडल अध्यक्ष संदीप जंघेल, महामंत्री गीता रेड्डी,उपाध्यक्ष नीलू तलमेल, साजन ठाकुर,रविन्द्र मिश्रा, दिनेश अग्रवाल,कुशल, गेंडेकर,गौरव विश्वकर्मा,प्रणीत जैन आदि उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट