रायपुर

नौतपे की शुरुआत तपिश
25-May-2025 7:09 PM
नौतपे की शुरुआत तपिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 25 मई। अंचल में आज से नौतपे की शुरुआत तपिश भरी नहीं रही। वहीं कल दक्षिण पश्चिम मानसून केरल प्रवेश के बाद अपनी सामान्य रफ्तार से देश मे  बढ़ रहा है। और  इसके और आगे बढऩे अनुकूल परिस्थितियों बनी हुई है । अगले दो से तीन दिनों में मध्य अरब सागर के कुछ और भाग, संपूर्ण गोवा, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश के कुछ और भाग, कर्नाटक के कुछ भाग, तमिलनाडु के बचे हुए भाग, पश्चिम मध्य और उत्तर बंगाल के खाड़ी के कुछ और भाग, उत्तर पूर्व में स्थित राज्यों के कुछ भाग, उप हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ और भागों में पहुंचने की संभावना है।

एक द्रोणिका पूर्व मध्य अरब सागर से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक दक्षिण कोकण, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण महाराष्ट्र और उत्तर तेलंगाना तक विस्तारित है।

एक द्रोणिका पश्चिमी राजस्थान में स्थित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण से विदर्भ तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय उड़ीसा और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में कल  26 मई को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक दो स्थान पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने और अंधड़ चलने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर जबकि बस्तर के अनेक स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है।

रविवार को सामान्य धूप के साथ सुबह हुई, और फिर पूर्वान्ह कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। दिन भर बदली छाई रही। मौसम विभाग ने देर शाम 6.30 बजे तक प्रदेश के दर्जन भर जिलो  में 30-40 किमी की रफ्तार से अंधड़ चलने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही गरज चमक के साथ हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है। ऐसा ही मौसम अभी बना रहेगा। कल से कुछ जगहों में तापमान में हल्की वृद्धि होगी ।

अगले दो दिनों में रायपुर, गरियाबंद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, कोरबा, सक्ती, जांजगीर और बिलासपुर जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं, 26 से 29 मई के बीच बस्तर संभाग के सभी जिलों, सरगुजा संभाग के जशपुर, अंबिकापुर और एमसीबी जिले में बरसात का पूर्वानुमान जताया  है।

30 और 31 मई को पूरे प्रदेश के 33 जिलों में व्यापक रूप से वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को राजनांदगांव, दुर्ग, कवर्धा और बेमेतरा में भी झमाझम बारिश हो सकती है।

 वरिष्ठ विशेषज्ञ एच.पी. चंद्रा के अनुसार, मानसून दक्षिण भारत से तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले दो से तीन दिनों में यह मध्य अरब सागर, गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल की खाड़ी के भागों और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच सकता है।


अन्य पोस्ट