रायपुर

कांग्रेस बताए कवासी लखमा के लिए कोई आंदोलन क्यों नहीं किया-अजय
22-Jul-2025 6:15 PM
कांग्रेस बताए कवासी लखमा के लिए कोई आंदोलन क्यों नहीं किया-अजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 जुलाई। कांग्रेस के आज के आर्थिक नाकेबंदी आंदोलन पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता  अजय चंद्राकर ने कहा कि पहले तो यह बताए कि इस प्रदर्शन का क्या उद्देश्य है, क्यों कर रहे हैं। दूसरी बात है कि देवेन्द्र यादव जेल निरूद्ध थे,  कवासी लखमा  जेल में बंद हैं। क्या कांग्रेस ने अपने इन विधायकों के लिए कोई आंदोलन  किया। नहीं  किया, यह साबित होता है पूरी कांग्रेस व्यक्ति के उपर केंद्रित है, जनता के प्रति उसकी कोई जवाबदेही नहीं है।

इस आंदोलन का कोई भी उद्देश्य नहीं है। यह बात साबित हो गई है कि इनको अन्य विधायक, अन्य कार्यकर्ताओं से मतलब नहीं है। ये व्यक्तिनिष्ठ , परिवार निष्ठ पार्टी है।इस आंदोलन से भूपेश बघेल नेता साबित हो गए हैं कि पूरी कांग्रेस उसके पीछे है। नेता प्रतिपक्ष अपने विधायकों के लिए आंदोलन करने, बयान देने में असफल रहे हैं। टीएस सिंहदेव, रविंद्र चौबे, मो अकबर और जितने नाम ले सकते हैं वो भी विधायकों के लिए असफल रहे हैं।सबकी एक परिवार के प्रति निष्ठा रही है जनता के लिए उत्तरदाई नहीं हैं।

विपक्षी दलों के सवालों का जवाब देते हुए चंद्राकर ने कहा कि, पेड़ कटाई का पूरा जवाब वन मंत्री ने सदन में  दे दिया है। जहाँ तक अडाणी के खिलाफ स्थगन प्रस्ताव आने के बाद ईडी की कार्रवाई के आरोप पर अजय ने कहा कि कोई जांच  एजेंसी,संस्था कार्रवाई विधानसभा की कार्यसूची देखकर नहीं करती है। कांग्रेस ने विधानसभा की कार्यवाही में बाधा पैदा की है।

भूपेश बघेल के इस बयान पर कि सौभाग्य की बात है मेरे बेटे को देशभर के लोग जान गए वाले चंद्राकर ने कहा, भूपेश बघेल के लिए  ऐसे विषय सौभाग्य की बात हो सकते है, मुझे आश्चर्य है, इस पर कुछ नहीं कहना। किस विषय पर ख्याति है उस पर सौभाग्य मान रहे हैं। ईडी की सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि, दोनों पक्ष है, एजेंसी को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। वह न्यायालय की प्रक्रिया पर टिप्पणी नहीं करेंगे। कांग्रेस के इस प्रदर्शन के खिलाफ भाजपा ने भी आज अपने मंत्री, और वरिष्ठ नेताओं को पलटवार के लिए तैनात किया था। राजधानी में चंद्राकर के अलावा डिप्टी सीएम अरूण साव, कवर्धा में डिप्टी सीएम विजय शर्मा, रायगढ़ में वित्तमंत्री ओपी चौधरी, सरगुजा कृषि मंत्री, रामविचार नेताम, और दिल्ली में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने हमले किए।

विजय शर्मा का ट्वीट-खुल रही कांग्रेस के भ्रष्टाचार, घोटालों की सीडी, तभी तो घोटालेबाजों पर कार्रवाई कर रही ईडी।


अन्य पोस्ट