रायपुर

नौतपा से पहले प्री-मानसून राजधानी में जमकर हुई बारिश
24-May-2025 8:22 PM
नौतपा से पहले प्री-मानसून राजधानी में जमकर हुई बारिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 मई। कल से तीक्ष्ण गर्मी भरे नौतपे शुरू होने वाले हैं और उससे पहले मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है। इसे मौसम में बड़ा परिवर्तन माना जा रहा है।

इतना ही नहीं यह भारत की मुख्य भूमि पर पिछले 16 वर्षों में मानसून का सबसे पहले आगमन है। इस बार अपने तय वक्त से 8 दिन पहले ही मानसून ने केरल में दस्तक दे दी है।  भारत के मौसम विभाग ने पिछले ही दिनों 27 मई को  मानसून प्रवेश का पूर्वानुमान जारी किया था। केरल में समय से पहले प्रवेश के साथ छत्तीसगढ़ में 13 जून को जगदलपुर, 16 को रायपुर और 21 को अंबिकापुर प्रवेश करता है। इस बार मानसून सप्ताहभर पहले यानि 5-10 जून के बीच संभावित है।

नवतपा से पहले मौसम में करवट के साथ शनिवार सुबह राजधानी में जमकर बारिश हुई। बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज किया गया।

 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका है। वहीं बस्तर संभाग में अगले कुछ दिनों में 80-90 मिमी तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना है।

 मौसम विभाग ने रायपुर सहित कई जिलों में बारिश के साथ वज्रपात होने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से बारिश के दौरान सुरक्षिज जगहों पर रहने  को कहा है। बिजली गिरने की आशंका को लेकर प्रशासन ने भी अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को खुले मैदानों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

रूक रूक हुई बारिश ने निगम की पोल खोली

रात से रूक रूक और शनिवार सुबह हुई बारिश ने नगर निगम के नाला सफाई और जल निकासी अभियान की पोल खोल दी है। मौसम विभाग इस बारिश को प्री मानसून भी नहीं मान रहा। ऐसी हल्की बारिश से राजधानी के कई प्रमुख सडक़ों पर नाली नालों का पानी उफन कर सडक़ पर आ गया। इससे लोगों को दिक्कतों और बड़े वाहनों के छींटे का सामना करना पड़ा। तस्वीर

सुंदर नगर के पास नाले की है जहां पानी सडक़ पर भर गया है। निगम ने ऐसी स्थिति से निपटने हर जोन को ,3-3 लाख रूपए और 25-25 अतिरिक्त सफाई कर्मी दिए थे। पखवाड़े भर बाद भी नाला सफाई अभियान तेज नहीं हुआ। केवल निगम पदाधिकारी और अफसर कर्मी रोजाना निरीक्षण कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट