रायपुर
राउरकेला पुलिस ने छग के आठ और पकड़े,175 म्यूल एकाउंट चला रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 अप्रैल। राउरकेला ओडिशा पुलिस ने छत्तीसगढ मूल के 8 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। इनसे 68 फर्जी सिम, 31मोबाइल फोन ,19 एटीएम कार्ड जब्त किया है। इनके जरिए ही ये लोग लोगों को अपना शिकार बनाते थे। इनके 175 बैंक एकाउंट की जांच की जा रही है। और 23 खातों में 1.41 करोड़ रूपए सीज किए गए हैं ।इनका मास्टर माइंड किशन अग्रवाल है। इसे मोवा इलाके से गिरफ्तार किया गया है। इनसे 5 लैपटॉप, एक कार एक स्कूटी भी बरामद की गई।
राउरकेला साइबर थाना पुलिस के मुताबिकभारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र, एमएचए के समन्वय पोर्टल से पता चला है कि गिरोह द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले खाते देशभर में 27 मामलों में शामिल हैं।इसका मास्टरमाइंड किशन अग्रवाल दुबई में रहता है। और दो दिन पहले ही उसे रायपुर के मोवा इलाके के अवनी ग्रीन सोसाइटी स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है। वह दुबई से ही भारत के साथ अन्य देशों के लोगों को ठग रहा था। जानकारी के अनुसार यह गिरोह हवाला आपरेटरों के जरिये भी लेन-देन कर रहा था गिरोह ने कई दक्षिण और पश्चिम एशियाई देशों में संगठित अपराध का नेटवर्क बना रखा था।पुलिस से बचने आरोपी दुबई भाग जाते थे।इस पूरे गैंग में किशन अग्रवाल सहित सात आरोपी छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी है।इनमें रायपुर का कुणाल अग्रवाल, जशपुर का गिरधारी सिंह, कोरबा का अजय कुमार, बलौदाबाजार का संदीप सोनी, जांजगीर चांपा का सौमेंद्र सिंह राजपूत, दिनेश कुमार साहू और सारंगढ़ का आशुतोष भारद्वाज शामिल है।एक आरोपी रुद्रप्रयाग उत्तराखंड का अर्जुन सिंह हैं।