रायपुर

उद्यानिकी कॉलेजों में पदों की रिक्तियां नए सत्र से पहले पूर्ति कर लेंगे
19-Mar-2025 2:29 PM
उद्यानिकी कॉलेजों में पदों की रिक्तियां  नए सत्र से पहले पूर्ति कर लेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 मार्च।
संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने आज विधानसभा में घोषणा की कि राज्य के उद्यानिकी कॉलेज सह अनुसंधान केंद्रों में अगले सत्र से पहले रिक्त पदों पर नियुक्ति कर ली जाएगी। बुधवार को प्रश्न काल में भाजपा विधायक अजय चंद्राकर और धरम लाल कौशिक ने अपने अपने प्रश्न के जरिए मंत्री को घेरा । चंद्राकर ने किशोरी लाल शुक्ल स्मृति कॉलेज समेत ऐसे 15 कॉलेज का मामला उठाया । उन्होंने पूछा कि ये सभी कॉलेज हैं,अनुसंधान केंद्र हैं और किस विषय पर अनुसंधान होता है या नहीं होता।  कृषि मंत्री रामविचार नेताम की जगह जवाब दे रहे संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने कहा वर्तमान में ये सभी कॉलेज हैं अनुसंधान नहीं होता। अजय ने कहा सिर्फ नाम के अनुसंधान केंद्र हैं। और पूछा कि इनमें शैक्षणिक, प्रशासनिक  कितने पद स्वीकृत,और रिक्त हैं? मंत्री कश्यप ने कहा कि 15 कॉलेजों में स्वीकृत 692 हैं भरे गए 69, और रिक्त 623 पद हैं। इस पर चंद्राकर ने कहा कि ऐसे में पढ़ाई का अनुमान लगा लें। क्या इन्हें भरने कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है जिससे पढ़ाई हो सके। मंत्री ने कहा कि बीते 5वर्ष में कॉलेज खोल दिए गए और भर्ती की कोई नहीं की। हमारी सरकार ने 50शिक्षकीय स्टाफ,41 अतिथि शिक्षक,62 पार्टटाइम टीचर और कुल 653 स्टाफ की व्यवस्था की। चंद्राकर ने कहा ऐसा उत्तर तो न दें। इससे लग रहा है कि प्रश्न लगाने के बाद15 दिन में भर्ती कर ली गई। मंत्री ने कहा 181 पदों कि भर्ती का विग्यापन जारी किया गया। 38 सहायक प्राध्यापकों की भर्ती भी की गई। इसमें शिकायत मिलने पर राज्यपाल जांच करा रहे हैं। 

अजय ने कहा यह जांच विवि की भर्ती को लेकर है। मेरा प्रश्न कॉलेज भर्ती पर है और क्या 15 दिन में यह भर्ती की गई? मंत्री ने कहा जानकारी लेकर दे दूंगा। भाजपा के ही धरमलाल कौशिक ने अपने क्षेत्र के कॉलेज का मामला उठाया । उन्होंने कहा कि दो सत्र बीत गए,इस कॉलेज में एक ही शिक्षक 150बच्?चों  को पढ़ा रहा है। सेटअप बना हुआ है, नियुक्ति कब तक करेंगे?भवन का भी पैसा आ गया है। मंत्री कश्यप ने कहा कि  निश्चित तिथि बताना संभव नहीं है तीन वर्ष तक किसी ने देखा नहीं। आने वाले सत्र में पूर्ति कर लेंगे।

कश्यप को कहना पड़ा कि बहुत सारे विषयों की जानकारी मुझे आज  मिल रही: इससे पहले विधायक अजय चंद्राकर ने सवाल पूछने से पहले ही मंत्री से कहा कि भारसाधक मंत्री होने के कारण आज वे छोटे-छोटे प्रश्न पूछेंगे। और  विभागीय अफसरों को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि मुझे जिस दिन उत्तर दिया गया है उस दिन रिक्त बताया गया, अभी  प्रश्नावधि में भर्ती कर ली गई। ऐसे उत्तर तो न दें।  मंत्री केदार कश्यप निरुत्तर हो गए और कहना पड़ा कि बहुत सारे विषयों की जानकारी मुझे आज ही मिल
रही है।


अन्य पोस्ट