रायपुर

पखांजूर से मायापुर तक सडक़ पर 10 किमी घंटा भी नहीं चल सकते
18-Mar-2025 6:44 PM
पखांजूर से मायापुर तक सडक़ पर 10 किमी घंटा भी नहीं चल सकते

15 जून से पहले मरम्मत को भी मंत्री ने असंभव कहा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 18 मार्च। भाजपा  विधायक विक्रम उसेंडी ने  मंगलवार को विधानसभा में पीएम ग्राम सडक़ योजना  के तहत पखांजूर से मायापुर तक 19 किमी सडक़ निर्माण के अधूरे कार्य का मुद्दा उठाया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि बरसात से पहले सडक़ निर्माण पूरा करने की घोषणा के बावजूद अब तक कार्य अधूरा क्यों है? उन्होंने पंचायत मंत्री विजय शर्मा से सीधे पूछा कि क्या बारिश से पहले 15 जून तक सडक़ चलने तक बना लेंगे?

इस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि 26 जुलाई 2024 को इस सडक़ की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण की घोषणा की गई थी और कार्य पूरा करने का प्रयास भी किया गया। लेकिन महाराष्ट्र सीमा से जुड़े होने और भारी ट्रैफिक की वजह से कुछ कठिनाइयाँ आईं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही इस कार्य को पूरा किया जाएगा।

विधायक उसेंडी ने कहा कि अभी इस सडक़ पर 10 किमी प्रति घंटे की स्पीड से भी नहीं चल सकते हैं इतनी जर्जर है। उसेंडी ने  आगे सवाल किया कि जब बरसात से पहले कार्य पूरा करने की घोषणा की गई थी, तो अब तक कम से कम पैच रिपेयरिंग का कार्य क्यों नहीं शुरू हुआ? उन्होंने पूछा कि क्या 15 जून से पहले सडक़ बन पाएगी? इस पर उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बजट प्रावधान के तहत इसे पूरा किया जाना था, लेकिन 15 जून तक कार्य संभव नहीं है। हालांकि, रिपेयरिंग के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


अन्य पोस्ट