रायपुर

आरंग इलाके में नदी किनारे नाबालिग का कंकाल मिला
12-Mar-2025 8:25 PM
आरंग इलाके में नदी किनारे नाबालिग का कंकाल मिला

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मार्च। आरंग इलाके के गौरभांठ में नदी के वीरान तट पर नाबालिग का कंकाल बरामद हुआ। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले को हत्या का मानकर जांच  कर रही है। मृतक की पहचान उसके कपड़ों व जूते के आधार पर परिजनों ने धनेन्द्र साहू (साढ़े 15 वर्ष) निवासी मूलत: बागबाहरा के रूप में की है।

वह  19 फरवरी को मंदिरहसौद-लखौली के बीच से गायब हुआ। इसी दिन मोबाइल फोन भी बंद हो गया। जबकि आरंग थाना क्षेत्र के गौरभांठा में सुनसान जगह पर 5 मार्च को नरकंकाल मिला। आठ मार्च को उसकी पहचान हुई। मृतक का मोबाइल फोन गायब है और शव भी संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने हत्या के बाद लाश को छिपाने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक युवती समेत 4 संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने प्रेम प्रसंग में इस नाबालिग की हत्या की बात कही है। पुलिस का कहना है कि यह बालक युवती और उसके प्रेमी के संबंध में पूरी जानकारी रखता था, और इसकी पोल खुलने के डर से यह वारदात की गई होगी।


अन्य पोस्ट