रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 मार्च। आज विधानसभा के समिति कक्ष में प्रदेश की आदिवासी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के उद्देश्य से ‘‘बस्तर पंडुम - 2025’’ के प्रतीक चिन्ह का विमोचन किया।
इस आयोजन के माध्यम से बस्तर संभाग की समृद्ध लोककला, रीति-रिवाज, पारंपरिक जीवनशैली और सांस्कृतिक विरासत को संजोने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यह महोत्सव न केवल बस्तर के प्रतिभाशाली कलाकारों को बेहतर मंच प्रदान करेगा, बल्कि उनकी कला को नई पहचान और प्रोत्साहन भी देगा।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव, विजय शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव , कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह विधायक लता उसेंडी, विधायक विनायक गोयल उपस्थित रहे।
इस मौके पर सीएम साय ने मीडिया से कहा कि बस्तर पंडुम - 2025 का आयोजन निश्चित ही बस्तर संभाग में अमन, चैन और खुशहाली लाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। साय ने कहा नक्सलवाद के खिलाफ हमारी सरकार और सुरक्षाबल के जवान बहुत ही मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। नियद नेल्ला नार योजना के माध्यम से बस्तर संभाग के सुदूर क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाई जा रही है?। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में सीएम ने कहा कांग्रेस पार्टी के कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है।