रायपुर

जांच अफसरों पर पथराव करके कांग्रेसियों ने अपने चरित्र का परिचय दिया
11-Mar-2025 8:06 PM
जांच अफसरों पर पथराव  करके कांग्रेसियों ने अपने चरित्र का परिचय दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 मार्च। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने पूर्व सीएम भूपेश बघेल के ठिकानों पर ईडी की जांच को लेकर कांग्रेस के आचरण पर तीखा हमला बोला है। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस को देश के संविधान और कानून पर भरोसा नहीं है। जांच एजेंसियों पर हमला करके कांग्रेस के लोगों ने प्रदर्शित किया कि उन्होंने कुछ गलत किया है, इसीलिए दबाव बनाने के लिए हिंसा तक पर उतारू हैं। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने वाले भूपेश बघेल सौम्या चौरसिया के नाम पर चुप्पी क्यों साध लेते है? वो उनकी उपसचिव रही, 2 साल से जेल में है। पत्रकार अगर सौम्या के बारे में सवाल पूछते हैं तो कांग्रेसी उन्हें घेरकर मारपीट करने की कोशिश करते हैं। भूपेश बघेल में दम है, तो दो शब्द सौम्या चौरसिया पर बोल के दिखाएँ,फिर बड़ी-बड़ी बातें करें। श्री श्रीवास्तव ने चुनौती दी कि बघेल पहले अपने 5 साल के किए हुए कृत्यों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बातों को सामने रखें उसके बाद फिर बड़ी-बड़ी बातें करें। जो सत्यता है, वह सामने आनी चाहिए।

बैज क्या 33 विधायकों को निष्कासित करेंगे-चिमनानी

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी ने एक्स पोस्ट करके दीपक बैज और कांग्रेस संगठन से पूछा क्या वो अपने 33 विधायकों को सवाल न पूछने पर कांग्रेस से निष्कासित करने जा रहे है?

भूपेश जी बार बार इस बयान को दोहरा रहे है और साबित कर रहे है कि कांग्रेस के केवल 2 ही विधायक सवाल पूछते है? नेता प्रतिपक्ष भी नहीं पूछते? इस हिसाब से तो चरण दास महंत सहित सभी 33 कांग्रेस विधायकों को कांग्रेस से निष्कासित कर देना चाहिए?


अन्य पोस्ट