रायपुर

मास्टर प्लान 31 पिछली सरकार ने भू माफिया के लिए बनाया था, रोक लगाने की जरूरत
10-Mar-2025 4:09 PM
मास्टर प्लान 31 पिछली सरकार ने भू माफिया  के लिए बनाया था, रोक लगाने की जरूरत

मंत्री ने कहा गड़बड़ी के हर बिंदु जांच हो रही मध्य क्षेत्र की सडक़े विलोपित नहीं होंगी


‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 मार्च। राजधानी रायपुर के मास्टर प्लान 2031 बनाने में कांग्रेस शासन में बरती गई अनियमितता का मामला विधानसभा में जमकर गूंजा। पूर्व मंत्री विधायक राजेश मूणत ने आरोप लगाया कि भूमाफिया को मदद करने पिछली सरकार ने बड़े पैमाने पर लैंड यूज बदला था। इस पर आवास मंत्री  ओपी चौधरी ने कहा कि पूरे प्लान की  जांच कराई जा रही है। उन्होंने मूणत से कहा कि जो जो गड़बड़ी, शिकायतें हैं दे दे उन्हें भी जांच में शामिल कर कार्रवाई की जाएगी।

 सोमवार को मूणत ने प्रश्न काल में यह मामला उठाया। मूणत ने  पूछा कि  प्लान 31 को लेकर कितनी शिकायतें मिली हैं और उन पर क्या कार्रवाई की गई स्पष्ट करें। मंत्री चौधरी ने बताया कि 163 शिकायतें मिली हैं जिनकी जांच के लिए कमेटी बनाई गई है । बहुत ज्यादा शिकायतें होने से बहुत विस्तार से गहराई (डीप) में जाकर काम करना पड़ रहा है। कमेटी की रिपोर्ट मिलते ही कार्रवाई करेंगे । मूणत ने कहा कि मंत्री जी ने स्वीकार किया है कि प्लान मेें अनियमितता है। ऐसी कौन सी कमियां हैं बताएं।चौधरी ने कहा कि असंगत भूमि उपयोग, आमोद प्रमोद भूमि,जलाशय भूमि, मिश्रित भूमि जैसे 6 प्रमुख बिंदुओं पर जांच जारी है। मूणत ने जानना चाहा कि 1081 शिकायतों को खारिज किया गया है ।आपस में निराकरण जैसी शिकायतों पर क्या कार्रवाई की गई । मूणत ने लैंड यूज की आवश्यकता पर भी प्रश्न उठाया और कहा कि  पिछली सरकार ने भू माफिया के लिए लैंड यूज बदला था। क्या पूरे प्लान पर रोक लगाएंगे। मंत्री चौधरी ने कहा कि वर्ष 2022 में प्रकाशित प्लान पर 1400 आपत्तियां मिली थीं। उसके बाद 1487 शिकायते मिली,इनमें से 352 का निराकरण किया गया । और उसके बाद जांच समिति को 129 शिकायतें मिली,जिनकी जांच जारी है। मूणत ने प्लान में  विलोपित सडक़ों पर पुनर्विचार करेंगे?मंत्री ने कहा कि प्लान मेें मध्य क्षेत्र की सडक़े विलोपित की गई थीं।जो अभी नक्शे में है। और यह जांच के बिंदु में भी है।ये सडक़े विलोपित नहीं होंगी। उनकी सूची भी प्रकाशित की जाएगी। चौधरी ने मूणत से कहा कि आपके पास जितनी भी शिकायतें,आपत्ति  हैं दे दें जांच में शामिल करेंगे। मूणत ने आरकेसी क्षेत्र को केवल एजुकेशन हब के लिए आरक्षित रखने की मांग उठाई। कहा कि इस क्षेत्र में जो लैंड यूज बदला गया उसकी जांच कर जाएं। मंत्री ने कहा कि आरकेसी क्षेत्र को अलग नहीं किया जाएगा। सब कुछ दे दें जल्द से जल्द  ठीक करेंगे।


अन्य पोस्ट