रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 मार्च। छत्तीसगढ़ में 1495 दिवंगत शिक्षाकर्मियों में से सिर्फ 139 के ही परिजनों को ही नौकरी मिल पायेगी। जिनमें से 91 को नौकरी दी जा चुकी है, जबकि 48 दिवंगत शिक्षाकर्मियों के परिजनों अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी जा सकी है। लालजीत सिंह राठिया के एक सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम पंचायत विजय शर्मा ने बताया कि दिवंगत पंचायत शिक्षक के 48 प्रकरण लंबित हैं। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि 16 अक्टूबर 24 को कैबिनेट ने अनुकंपा नियुक्ति को लेकर निर्णय लिया है, जिसके मुताबिक ऐसे शिक्षक पंचायत संवर्ग के कर्मचारी जिनकी मृत्यु सेवाकाल में हो गयी थी, उनके आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति दी जायेगी।
वहीं बालेश्वर साहू के एक अन्य सवाल में शर्मा ने बताया कि जनवरी 2025 तक 1495 दिवंगत पंचायत शिक्षक के आश्रितों ने अनुकंपा नियुक्ति के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनमें से 91 पात्र आश्रितो को नौकरी दी गयी, जबकि 48 को अब तक नौकरी नहीं दी जा सकी है। 1356 प्रकरण को अपात्र होने के कारण नियुक्ति नही दी गयी। सहायक शिक्षक पंचायत के पद पर अनुकंपा नियुक्ति के लिए दिवगत शिक्षाकर्मी के आश्रित के पास शैक्षणिक व व्यावसायिक अहर्ता नहीं थी, जिसकी वजह से उन्हें अनुकंपा नियुक्ति नहीं दी गयी।