रायपुर
बघेल को घेरना चाहते थे शर्मा, लेकिन खुद घिर गए
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 7 मार्च। शक्रवार को विधानसभा के प्रश्न काल में पीएम आवास को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल और कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया। और जवाब से असंतुष्ट होकर सदन से बाहर चले गए। बघेल ने सरकार के ही आंकड़ों के हवाले से कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में भी पीएम आवास बने हैं, काम हुआ है।
प्रश्नकाल के अंतिम 14 मिनट में स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने 7 वें प्रश्र के लिए पूर्व सीएम भूपेश बघेल को पुकारा। बघेल ने पीएम आवास योजना के क्रियान्वयन व संचालन के संबंध में मंत्री द्वारा दिए गए लिखित जवाब पर सवाल उठाए। पूर्व सीएम ने यह भी पूछा कि छत्तीसगढ़ में पीएम आवास योजना के तहत 18 लाख आवास का निर्माण किया जाना है। 18 लाख आवास अलग बनाए जाएंगे या फिर पूर्व के वर्ष में अधूरे निर्माण कार्य या प्रारंभ नहीं हो पाए आवास के आंकड़ों को भी जोड़ा गया है।पूर्व सीएम ने वर्षवार पीएम आवास योजना के स्वीकृत और पूर्ण व अपूर्ण आवासों के 2019 से 24 तक के आंकड़ा पढ़ते रहे।
उन्होंने स्पीकर के माध्यम से पंचायत मंत्री विजय शर्मा से पूछा कि विधायक पुन्नूलाल मोहले ने भी पीएम आवास को लेकर सवाल पूछे थे। मोहले को दी गई और मुझे जो जानकारी उपलब्ध कराई गई है इसमें भारी अंतर क्यों है। छत्तीसगढ़ में पीएम आवास के नाम पर जब एक ही योजना संचालित की जा रही है तब मंत्री की तरफ से एक ही योजना के जवाब में दो सदस्यों को अलग-अलग जानकारी क्यों दी गई है। आंकड़ों में इतना भारी अंतर क्यों है।
पंचायत मंत्री ने पूर्व सीएम को बताया कि विधायक मोहले को जो जानकारी उपलब्ध कराई गई है वह वित्तीय आंकड़ा है। आपने वर्षवार जानकारी मांगी थी लिहाजा वर्षवार आंकड़ा और जानकारी आपको उपलब्ध कराई गई है। मंत्री शर्मा ने कहा कि उत्तर कैलेंडर वर्ष के अनुसार है और आर्थिक सर्वेक्षण में आंकड़े वित्त वर्ष के। इसलिए अंतर दिख रहा है।
मंत्री के जवाब के बाद पूर्व सीएम बघेल ने पूछा कि प्रदेश में 18 लाख गरीबों को आशियाना देने की बात कही गई थी। 18 लाख नए आवास बनाए जाएंगे या फिर पूर्व में जो काम अधूरा रह गया है उसे इसमें शामिल किया जाएगा। जैसे ही पूर्व सीएम ने यह सवाल दागा मंत्री शर्मा ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौर में पीएम आवास का मुद्दा उठाया। इस पर विपक्षी सदस्यों ने जोरदार हंगामा मचाया। बघेल बार बार,मंत्री के ही आग्रह का हवाला देकर चर्चा बढ़ाने की मांग करते रहे। और फिर नारेबाजी के बीच सदन का बहिर्गमन कर दिया। फिकअध्यक्ष ने प्रश्नकाल समाप्ति की घोषणा कर दी।
पहली बार किसी मंत्री ने प्रश्न काल का समय बढ़ाने की मांग की
विधानसभा में पहली बार मंत्री ने ही स्पीकर से इस प्रश्न पर चर्चा होने तक प्रश्न काल का समय बढ़ाने की भी मांग की। कहा कि चाहें तो प्रश्नकाल का समय बढ़ा दिया जाए और इस पर चर्चा जारी रहे। दरअसल, डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पीएम आवास को लेकर वर्ष 2019-24 तक की स्थिति स्पष्ट करना चाहते थे। और अपने पहले ही लिखित उत्तर से मंत्री शर्मा घिर गए।
बता दें कि यह पीएम आवास,दिसंबर 23 के विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बनाया था। भाजपा आरोप लगाती रही कि योजना चूंकि पीएम के नाम से है इसलिए बघेल सरकार ने पांच वर्ष तक एक भी आवास बनने नहीं दिया और आखिरी वर्ष सीएम आवास के नाम से राशि दी। जबकि बघेल का कहना था कि पूरे पांच वर्ष आवास बनते रहे हैं ।यह बात सरकार के आर्थिक सर्वेक्षण में भी भी आई है। केवल दुष्प्रचार किया गया । इसी पर पूरा जवाब देने चूकिं ट्रेजरी बेंच (मंत्री) ने समय बढ़ाने का आग्रह किया है ते समय बढ़ाकर पूरी चर्चा करा ली जाए।