रायपुर

प्रश्नकाल से पहले उत्तर का पुलिंदा, स्पीकर ने जताई नाराजगी, दिए मंत्रियों को निर्देश
05-Mar-2025 3:09 PM
प्रश्नकाल से पहले उत्तर का पुलिंदा, स्पीकर  ने जताई नाराजगी, दिए मंत्रियों को निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 मार्च। 
स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने अभनपुर में  भारतमाला परियोजना में मुआवजा घोटाला मामले पर अगले सप्ताह पूरी चर्चा कराने की घोषणा की। इससे पहले विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन 25 फरवरी को नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने रायपुर जिले के अभनपुर में मुआवजा घोटाले पर जानकारी मांगी थी। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा के अनभिज्ञता जताने पर महंत नाराज हुए थे। महंत ने कलेक्टर की जांच रिपोर्ट के बारे में पूछा था, मगर राजस्व मंत्री ने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। 

महंत इस बात से नाराज थे कि काफी समय पहले सवाल लगाने के बाद भी राजस्व मंत्री के पास कोई जानकारी नहीं है। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा था कि अगली बार जब भी राजस्व विभाग का प्रश्नकाल होगा, उस दिन सबसे पहले इस पर चर्चा होगी। अध्यक्ष के निर्देशानुसार 12वें दिन आज राजस्व विभाग के प्रश्नकाल के चलते पहला सवाल चरणदास महंत का था। प्रश्नकाल प्रारंभ होते ही नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा अध्यक्ष का ध्यान जवाबों का पुलिंदा दिखाते हुए खींचा कि पांच मिनट पहले राजस्व विभाग ने जवाब भेजा है, अब इसे कैसे पढक़र मैं सवाल पुछूंगा। उन्होंने इस पर गंभीर आपत्ति जताई। 

पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने इसमें हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारियों का यह रवैया ठीक नहीं है। सदस्यों को अगर टाईम पर जवाब नहीं मिलेगा तो फिर वे इस पर सवाल कैसे पुछेंगे। इस पर कोई व्यवस्था होनी चाहिए ।

रमन सिंह ने राजस्व विभाग के इस आचरण पर चिंता जताई। उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री को भी निर्देशित किया । सिंह ने कहा कि 25 फरवरी को मैंने खासतौर से निर्देश दिया था कि टाईम पर जानकारी मुहैया करा दी जाए, मगर ऐसा हुआ नहीं। उन्होंने व्यवस्था देते हुए सभी विभागों से कहा कि वे सही समय पर जानकारी सदस्यों को दी जाए। 

विधानसभा अध्यक्ष ने राजस्व मंत्री को निर्देश दिया कि अगले हफ्ते पहले दिन इस पर सवाल करने के लिए डेट तय किया जाता है। याने अगले सप्ताह सोमवार को अभनपुर में भारतमाला  मुआवजा घोटाले पर पूरी विस्तृत चर्चा की जाएगी। इससे पहले भी बीते शुक्रवार को स्पीकर ने अपनी लिखित व्यवस्था में एक प्रश्न के दस हजार पेज के उत्तर दिए जाने पर गंभीर आपत्ति जताई थी। और कहा था कि उत्तर छोटे और सारगर्भित हों।'
 


अन्य पोस्ट