रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मार्च। छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट प्रदेश के शासकीय कर्मचारीयों एवं पेंशनरों को केंद्रीय कर्मचारियों के समान 03 प्रतिशत महंगाई भत्ता जो सामान्यत: मिलना ही था। इसके अतिरिक्त बजट में कर्मचारियों व पेंशनरों को आर्थिक स्लो प्वाइजन देने वाला बजट है। कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने कहा है कि एनपीएस का 17,240 करोड रुपए एनएसडीएल कंपनी में प्रदेश के 5 लाख से अधिक कर्मचारियों का खून पसीने का राशि फंसा हुआ है।
1 अप्रैल 22 से लागू पुरानी पेंशन योजना की प्रति माह जीपीएफ खाते में काटने वाली राशि का कोई हिसाब खाता नहीं है। एक जनवरी 26 से आठवां वेतनमान लागू होना है। किंतु अभी भी प्रदेश के शासकीय सेवक सातवें वेतनमान का भी पूर्णत: लाभ नहीं ले पा रहे हैं। गृह भाड़ा भत्ता, नगर क्षतिपूर्ति भत्ता आदि आज भी छठवें वेतनमान में दिया जा रहा है। मोदी की गारंटी थी कि ईमानदारी से आयकर भुगतान करने वाले शासकीय सेवकों को विदेशी धन प्राप्त कर उनके आयकर का कुछ अंश वापस लौटाया जाएगा, जो नहीं लौटाया गया है।
अनियमित कर्मचारी के नियमितीकरण संबंधी मोदी की गारंटी पर बजट शून्य बटा सन्नाटा है। कर्मचारीयों व सरकार के बीच में ठेकेदार, प्लेसमेंट, ठेका प्रथा को समाप्त करने की दिशा में भी बजट विचार शून्य है। स्थापना व्यय में प्रदेश के विकास के संवाहक शासकीय कर्मचारियों व पेंशनरों के लिए पर्याप्त राशि की स्थापना व्यय की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में निराशा है। महंगाई भत्ते का भी हमेशा एरियर्स की राशि राज्य सरकार डकार लेती है। इन सब कारणों से आर्थिक स्लो पाइजन प्रदेश के शासकीय सेवकों को दिया जा रहा है। इसलिए यह बजट आर्थिक स्लो पाइजन देने वाला बजट है।
श्री झा ने कहा है कि बीएड प्रशिक्षित बस्तर सरगुजा के आदिवासी युवक युवतियां पुन: तूता धरना स्थल पर 1 मार्च से आंदोलन प्रारंभ कर दिए हैं। उनके लिए भी बजट में कोई प्रावधान नहीं है। इसलिए यह कहा जा सकता है कि बजट आदिवासी विरोधी है।
फेडरेशन के आंदोलनों और उपलब्धि पर एक कर्मचारी कमलेश के विचार
क्या कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का गठन केवल महंगाई भत्ता दिलाने के लिए किया गया है। प्रदेश में कार्यरत 120 सक्रिय संगठनों का बड़ा मंच जिसमें लगभग 3 लाख कर्मचारी है मात्र महंगाई भत्ता पाकर संतुष्ट है क्या। पिछले 5 वर्ष से पिछली और वर्तमान सरकार द्वारा महंगाई भत्ता की एरियर्स दबाकर बैठी है और हम केवल तमाशबीन बनकर देख रहे है। 4 प्रमुख मांगों को लेकर चल रही फेडरेशन को किसी भी मांग में पूरी तो क्या आधी अधूरी सफलता भी नहीं मिल पा रही है। इससे अलग प्रत्येक विभाग की और संगठन की अलग मांग है उसमें भी कोई पहल होती नहीं दिख रही है।समाधान के नाम पर कमेटी बनाई जाती है जिसका न बैठक होता है न रिपोर्ट सामने आती है।सवाल नेतृत्व पर नहीं रणनीति और कार्यप्रणाली पर है। अभी भी समय है सब मिलकर चिंतन करें वरना वह दिन दूर नहीं जब लोग हमारे नाम से हंसने लगेंगे।