रायपुर
भारत माता स्कूल की बैठक व्यवस्था बदलने केन्द्राध्यक्ष से कहा माशिमं सचिव ने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 4 मार्च। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की दसवीं बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से शुरू हुई।सचिव पुष्पा साहू ने बताया, दसवीं बोर्ड परीक्षा का आज पहला पेपर हिंदी का हुआ, जिसमें लगभग 5720 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।इससे पहले 12 वीं के पहले पेपर में भी करीब 2700 विद्यार्थी शामिल नहीं हुए थे ।
राज्य स्तरीय उडऩदस्ता टीम ने माशिमं सचिव श्रीमती पुष्पा साहू, सहायक प्राध्यापक श्रीमती प्रीतिशुक्ला, डॉ. प्रदीप कुमार साहू ने सघन निरीक्षण किया। 03 मार्च को कक्षा 10वीं की हिन्दी विषय का प्रश्न पत्र के दौरान बिन्नीबाई स्वामी आत्मानंद हायर सेकण्डरी स्कूल भाठागांव में निरीक्षण दौरान पर्यवेक्षकों को निर्देशित किया गया कि परीक्षार्थियों के उत्तर पुस्तिका में समस्त कॉलम को पूर्ण व सही-सही भरने के बाद ही अपना हस्ताक्षर कर अपना नाम पदनाम लिखे।
भारत माता स्कूल रायपुर में निरीक्षण दौरान पाया गया कि बैठक व्यवस्था सही नहीं थी। परीक्षा विषय से संबधित शिक्षक की डयूटी लगाई गई थी जिस पर आपत्ति दर्ज करते हुए सचिव श्रीमती पुष्पा साहू ने तत्काल व्यवस्था को दुरूस्त करने की चेतावनी देते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने कहा।
वामनराव लाखे हायर सेकण्डरी स्कूल क्रमांक -2 हीरापुर में वीक्षक डयूटी शासकीय विद्यालयों के शिक्षकों की डयूटी लगाने निर्देशित किया गया। हायर सेकण्डरी स्कूल गुमा के केन्द्राध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि विषय से संबंधित शिक्षकों की डयूटी न लगाने, बैठक व प्रकाश की समुचित व्यवस्था किये जाने निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी प्रकार की नकल प्रकरण नहीं पाई गई।