रायपुर

गृनिमं की वन टाइम सेटलमेंट योजना 2 शुरू
03-Mar-2025 8:01 PM
गृनिमं की वन टाइम सेटलमेंट योजना 2 शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 मार्च। सभी के लिए आवास के तहत किफायती दरों पर घर उपलब्ध कराने वन टाइम सेटलमेंट योजना 2 गृह निर्माण मंडल ने शुरू कर दी है।

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने भवनों की लागत मूल्य पर 10, 20 तथा 30 प्रतिशत तक छूट की योजना तैयार की गई थी जिसे 20 जनवरी 2025 को मंत्रिमंडल से हरि झंडी मिल गई थी परंतु आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण योजना को तब शुरू नहीं किया जा सका था। श्री  चौधरी के प्रयासों से यह वन टाइम सेटलमेंट योजना-2,  01 मार्च 2025 से शुरू कर दी गई है। जिसके तहत राज्यभर में स्थित आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों में भारी छूट दी जा रही है।

आवास एवं पर्यावरण विभाग सचिव सह  मंडल के अध्यक्ष  अंकित आनंद (भ.प्र.से.) ने बताया कि सभी वर्ग के लोगों के लिए मंडल द्वारा निर्मित आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों के लागत मूल्य पर 30 प्रतिशत तक छूट दी है, ताकि एक परिवार अपने सपनों का आशियाना बहुत ही सामान्य एवं किफायती दाम पर ले सके।

आयुक्त  कुंदन कुमार (भ.प्र.से.) ने   बताया  कि इस योजना को लॉन्च करते ही हमें लोगों का शानदार प्रतिसाद मिला है। मात्र 2 दिनों में हमें लगभग 8 करोड़ के 56 भवनों की बुकिंग आ चुकी है जो कि एक रिकॉर्ड है।

इतनी बुकिंग हमें छुट्टियों के दिनों में प्राप्त हुई है। हमने बुकिंग सिस्टम पूरी तरह से पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन रखा है जहां हितग्राही अपने घर बैठे मंडल की वेबसाइट 222.ष्द्दद्धड्ढ.द्दश1.द्बठ्ठ पर लॉग-इन कर भवन आसानी से बुक कर सकते हैं। इन दो दिनों में मंडल के टोल फ्री 18001216313 तथा अधिकारियों/ कर्मचारियों के नंबर्स में 900 से 1000 क्वेरीज़ भी आ चुकी है। यह योजना छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख स्थानों जैसे, रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, जगदलपुर, धमतरी, दंतेवाड़ा राजनांदगांव, कवर्धा, नवा रायपुर अटल नगर, आरंग, महासमुंद, अंबिकापुर, जशपुर, रायगढ़, कोरबा और अन्य प्रमुख शहरों में लागू है।


अन्य पोस्ट