रायपुर

कृष्णा विकास ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स ने एडियस थीम के साथ दी विदाई
03-Mar-2025 2:39 PM
कृष्णा विकास ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स ने एडियस थीम के साथ दी विदाई

रायपुर, 3 मार्च। कृष्णा विकास ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स ने हाल ही में ‘एडियस’ थीम के साथ एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया, जो जोश, उत्साह और भावनाओं से भरपूर रहा। कार्यक्रम की शुरुआत एक शानदार भांगड़ा प्रस्तुति से हुई, जिसमें छात्रों ने ढोल की ताल पर धमाकेदार एंट्री की और माहौल को जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ गणमान्य अतिथियों और प्राचार्यों के स्वागत से हुआ, जिसके बाद प्रेरणादायक भाषण दिए गए। केडीसीआरएसटी की प्राचार्या डॉ. सीमा अग्रवाल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा, कभी हार मत मानो। किसी भी काम को नकारात्मक सोच के साथ मत करो, बल्कि आत्मविश्वास और आस्था के साथ किसी भी परीक्षा में सफलता प्राप्त करो। इस अवसर पर केवीआईटी के प्राचार्य डॉ. डी.एन. देवांगन और केवीआईपीएस की प्राचार्या डॉ. चंचलदीप कौर भी उपस्थित रहीं, साथ ही संकाय सदस्यों और छात्रों ने भी इस आयोजन की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में छात्रों ने विभिन्न मनोरंजक और प्रतिस्पर्धात्मक खेलों में भाग लिया, जिससे पूरे माहौल में हंसी और दोस्ती की मिठास घुल गई। विभिन्न विभागों के छात्रों ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से मंच पर समा बांध दिया, जिससे यह शाम और भी यादगार बन गई। संगीत, नृत्य और भावुक विदाई संदेशों के साथ, ‘एडियस’ एक अविस्मरणीय रात साबित हुई, जो न केवल एक अध्याय का समापन था बल्कि छात्रों के लिए नए सफर की शुरुआत भी थी।


अन्य पोस्ट