रायपुर

शादी में शराब जब्त, आबकारी निरीक्षक पर निलंबन की तलवार, विवाद गहराया
02-Mar-2025 3:31 PM
शादी में शराब जब्त, आबकारी निरीक्षक पर निलंबन की तलवार,  विवाद गहराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मार्च।
नवा रायपुर के स्टार होटल में शराब परोसे जाने का विवाद गहरा गया है। बात शराब पकडऩे गए आबकारी अफसर के निलंबन तक जा पहुंची है। लेकिन आयुक्त की दखल की वजह से कार्रवाई नहीं हो पा  रही है।

मिली जानकारी के अनुसार यह एक कारोबारी परिवार के यहां विवाह समारोह का मामला है। इस परिवार के कई दिग्गज पार्टी व सरकार के कई अहम शीर्ष पदों पर रह चुके हैं। करीब पांच दिन पहले आशीर्वाद समारोह नवा रायपुर के स्टार होटल में आयोजित किया गया था । इसमें पक्ष विपक्ष के सभी बड़े दिग्गज शामिल हुए। मेहमानों के लिए हर ब्रांड की शराब की व्यवस्था की गई थी। जबकि छत्तीसगढ़ में दूसरे राज्यों की शराब उपलब्ध न होने और ऐसी शराब के बेचने पर प्रतिबंध है। और पूर्व में आबकारी विभाग पूरे प्रदेश के साथ साथ राजधानी में भी इस पर कई कार्रवाई कर चुका है।

कुछ होटलों के आबकारी लाइसेंस भी निलंबित कर होटलों को सील भी किया गया था । सो मेहमाननवाजी ये लिए  मेजबानों ने होटल प्रबंधन के जरिए चोरी छिपे व्यवस्था की थी। इसमें मप्र में बनी शराब की बीसियों पेटियां मंगाई गई। इस बात की भनक व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता रखने वाले वीआईपी रोड के एक अन्य होटल प्रबंधन को लगी। उन्होंने तत्काल, आबकारी विभाग के ऑनलाइन कंप्लेंट पोर्टल पर कर दी। और इसके बाद आयुक्त के जरिए जिला आबकारी अधिकारी ने अपने मातहतों को  कार्रवाई करने भेजा। होटल पहुंची आबकारी टीम ने शराब जब्त भी किया। यह देख मेजबान परिवार में हडक़ंप मच गया। परिवार के दिग्गज नेताओं के दबाव में  पहले तो जब्त शराब को छुड़वाने के दांव पेंच किए गए और उसके बाद  छापा मारने वाले आबकारी निरीक्षकों पर निलंबन जैसी  कार्रवाई के लिए आयुक्त सचिव पर दबाव बनाया जा रहा है। विभाग प्रमुख  ने कार्रवाई से हाथ खड़े कर दिए हैं। यह भी सुना जा रहा है कि कार्रवाई से साफ इंकार कर दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट