रायपुर
सत्र के बीच चयन समिति की बैठक संभव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 फरवरी। छत्तीसगढ़ के नए प्रशासनिक मुखिया के नाम को लेकर सुगबुगाहट फिर तेज हो गई है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन इस साल जून में रिटायर होने वाले हैं और उनके मुख्य सूचना आयुक्त बनने का हल्ला है। कहा जा रहा है कि विधानसभा सत्र के दौरान मुख्य सूचना आयुक्त के चयन को लेकर बैठक भी हो सकती है।
चयन कमेटी में सीएम विष्णुदेव साय के अलावा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और एक मंत्री को सदस्य के रूप में नामित किया जा सकता है। तीन सदस्यीय कमेटी मुख्य सूचना आयुक्त को लेकर अनुशंसा कर सकती है। चर्चा है कि 3 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में राज्यों के मुख्य सूचना आयुक्त और सूचना आयुक्त की नियुक्ति के मसले पर सुनवाई है। सुनवाई के बाद ही यहां कमेटी की बैठक हो सकती है। इन सबके बीच नए सीएस को लेकर चर्चा चल रही है।
वरिष्ठता के आधार पर रेणु पिल्लै, सुब्रत साहू के अलावा केन्द्र सरकार में सचिव अमित अग्रवाल के साथ ही मनोज पिंगुआ व ऋचा शर्मा के नाम की चर्चा है। सरकार के उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि राज्य में ऐसे प्रशासनिक मुखिया की तलाश की जा रही है, जिसे हर क्षेत्र का अनुभव हो और रिजल्ट ओरिएंटेड हो। शासन प्रशासन की योजनाओं को धरातल पर उतारने में भूमिका निभा सके।
छत्तीसगढ़ नक्सल प्रभावित राज्य है ऐसे में सरकारी योजनाओं को इन इलाकों में अमलीजामा पहनाना चुनौतीपूर्ण कार्य है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च 2026 तक नक्सलवाद के सफाए का ऐलान किया है। इस कार्य में पुलिस के साथ प्रशासन की भूमिका भी महत्वपूर्ण हो जाती है। लिहाजा ऐसे सभी क्षेत्रों के अनुभवी व दक्ष अधिकारी को ही मुख्य सचिव बनाए जाने की संभावना है।
इधर, इन सब के बीच यह चर्चा भी है कि वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सेवानिवृत्ति के बाद साय सरकार की अनुशंसा पर केंद्र छह माह का एक्सटेंशन दे सकती है, हालांकि अभी तक छत्तीसगढ़ में किसी भी सीएस को सेवानिवृत्त के बाद एक्सटेंशन नहीं दिया गया है। बहरहाल, विधानसभा के बजट सत्र खत्म होने तक सीएस की नियुक्ति के मसले पर तस्वीर साफ हो सकती है।