रायपुर

भू राजस्व के 1.49 लाख मामले लंबित, स्पीकर ने कहा- स्थिति वेंटिलेटर पर जाने से पहले दुरुस्त कर लें
27-Feb-2025 4:22 PM
भू राजस्व के 1.49 लाख मामले  लंबित, स्पीकर ने कहा- स्थिति वेंटिलेटर  पर जाने से पहले दुरुस्त कर लें

अजय, उमेश, शकुंतला ने मंत्री को घेरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,  27 फरवरी।
भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने गुरूवार को  विधानसभा में अपनी ध्यानाकर्षण सूचना में राज्य में लंबित लाखों भू राजस्व प्रकरणों से हो रही  परेशानी का मुद्दा उठाया।  चंद्राकर ने स्थिति की गंभीरता का जिक्र करते हुए कहा कि ‘भुईया पोर्टल’ भगवान भरोसे है। कैसे निराकरण हो रहे हैं उत्तर से स्पष्ट है।

स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने भी इस पर संज्ञान लेते हुए राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा  से कहा कि राजस्व प्रकरणों की स्थिति वेंटिलेटर पर जाने से पहले दुरुस्त कर लें। विधायक अजय चंद्राकर, उमेश पटेल, शकुंतला पोर्ते ने भी प्रश्न किए। चंद्राकर ने कहा कि लिखित उत्तर तीन पृष्ठ में दिया गया है, लेकिन परेशानी दूर करने कोई उपाय नहीं। भुईंया पोर्टल भी लगता है कि किसानों को परेशान करने के लिए बनाया गया है। 35 फीसदी डाटा की ग़लत एंट्री की है।राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा – भू-अभिलेख में त्रुटि सुधार का अधिकार एसडीएम और तहसीलदार के पास है। पिछली सरकार ने इसे एसडीएम तक सीमित कर दिया था। नए संशोधन में यह अधिकार अब तहसीलदार को भी दिया गया है। कोई भी व्यक्ति ऑनलाइन अपनी जमीन संबंधित जानकारी देख सकता है. राज्य में 1 लाख 49 हज़ार 479 राजस्व प्रकरण लंबित हैं। इस पर अजय चंद्राकर ने कहा – लोक सेवा गारंटी अधिनियम का राजस्व विभाग पालन नहीं कर रहा है। लोक सेवा अधिनियम का पालन नहीं करने पर कितने अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की गई है। राजस्व मंत्री ने बताया कि लंबित प्रकरण में अपील करने पर सुनवाई होगी। लम्बित प्रकरणों की संख्या बढ़ी है। बजट सत्र के बाद अप्रैल में  राजस्व पखवाड़ा चलेगा।लंबित प्रकरणों की सुनवाई निराकरण  होगा।अजय चंद्राकर ने पूछा – भुईया पोर्टल में होने वाली त्रुटि कौन सुधारता है? राजस्व मंत्री ने बताया कि पोर्टल का संचालन एनआईसी करता है,त्रुटि सुधारने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त है। चंद्राकर ने कहा कि भूमाफिया लोग एनआईसी में जाकर गड़बड़ी करवा रहे हैं, और किसान सुधरवाने में परेशान हो रहे हैं। इसलिए भुइंया का संचालन राजस्व विभाग से करवाया जाए?। उमेश पटेल ने बताया कि राजस्व त्रुटि न सुधरवा पाने में असफल अकलतरा के एक व्यक्ति ने आत्महत्या की कोशिश की। लोग किस तरह से परेशान हैं,यह घटना साबित करती है ।


अन्य पोस्ट