रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नई दिल्ली /रायपुर, 25 फरवरी। लोकसभा सचिवालय की रसायन और उर्वरक संबंधी स्थाई समिति की बैठक सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय अनुदान (2025-26) के विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में रायपुर के सरोरा इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माणाधीन प्लास्टिक पार्क की प्रगति पर चर्चा की गई। यह पार्क देश में प्लास्टिक और जैविक खाद उद्योग के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नैनो डीएपी और नैनो यूरिया को बढ़ावा देने की मांग की, जिससे किसानों को अधिक किफायती और प्रभावी उर्वरक उपलब्ध हो सके। बैठक में नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देने के लिए देशभर के कृषि विज्ञान केंद्रों और कृषि विश्वविद्यालयों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। उन्होंने कहा कि नैनो डीएपी और नैनो यूरिया के उपयोग से सरकार को 2 लाख करोड़ रुपये तक सब्सिडी व्यय में कमी आएगी। जिससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
छत्तीसगढ़ को मिली नई सौगातें
रायपुर स्थित सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ प्लास्टिक इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजी (सिपेट) के अपग्रेडेशन और सीटों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया। इससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। रायपुर के सारदा इंडस्ट्रियल एरिया में निर्माणाधीन निरवाना प्लास्टिक पार्क को शीघ्र पूरा करने कहा।
छत्तीसगढ़ में पेट्रोकेमिकल उद्योग के विकास हेतु व्यापक सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए, जिससे प्रदेश में नए निवेश और औद्योगिक अवसरों का मार्ग प्रशस्त होगा।