रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक एवं सदस्य श्रीमती लक्ष्मी वर्मा एवं सुश्री दीपिका शोरी ने राज्य कार्यालय रायपुर में महिला उत्पीडन से संबंधित प्रकरणों पर सुनवाई की। दोनों पक्षो को सुनने के बाद कुछ प्रकरण नस्तीबध्द कर कुछ में सजा सुनाई ।
एक प्रकरण में आवेदिका ने बताया कि अनावेदक (पति) का अन्य महिला से संबंध है। और दूसरी महिला ने बताया कि उसे भी आवेदिका का पति उसे उसके कार्यस्थल पर आकर तंग करता है और उसे बदनाम कर रखा है। आवेदिका के पति ने आवेदिका (पत्नी) और दूसरी महिला से कान पकडक़र मांफी मांगी। आवेदिका और अनावेदक (पति) का 2 वर्ष का पुत्र है। अनावेदक ने मांफी मांगी और भविष्य में आपसी सामंजस्य से रहना स्वीकार किया। आवेदिका को आयोग ने निर्देश दिया कि यदि अनावेदक (पति) के द्वारा दुर्व्यवहार या मारपीट किया जाता है तो आवेदिका उसके खिलाफ थाना में एफ.आई.आर दर्ज करा सकेगी। इस निर्देश के साथ प्रकरण नस्तीबध्द किया गया।
एक प्रकरण में उभय पक्षों को सुना गया आवेदिका और अनावेदक मां-बेटा है। विगत् 9 माह पूर्व अनावेदक (बेटे) का विवाह हुआ है। आवेदिका के मकान के उपरी हिस्से में रहकर बेटा व बहू अलग खाना बना रहे है और आवेदिका से झगड़ा कर रहे है। आवेदिका की बहू भी आवेदिका को दहेज के मामले में फंसाने की धमकी देती है। आवेदिका अपने मकान का उपरी हिस्सा खाली कराकर उसे किराये से देकर अपना जीवन यापन करना चाहती है। अनावेदक (बेटा) एकाउंटेंट का कार्य करता है। उसे 18 हजार रू. वेतन मिलता है आवेदिका की बहू भी नर्स है उसे 10 हजार रू. मासिक वेतन मिलता है। दोनो पक्षों को सुना गया अनावेदक (बेटा) ने स्वीकार किया कि वह आवेदिका मां को कोई भी आर्थिक मदद नहीं करता है। अनावेदक (बेटा-बहू) मकान के जिस हिस्से में रहते है उसका 8 हजार रू. किराया मिलता, इसलिए आवेदिका अनावेदक (बेटा) को अपने घर से बाहर करना चाहती है जिससे उसे मानसिक शांति मिले और आर्थिक आमदनी मिले। आयोग की समझाईश पर अनावेदक ने स्वीकार किया कि वह 15 दिन के अंदर अपनी मां के घर का हिस्सा खाली कर दूसरी जगह रहने चला जायेगा। आयोग की ओर से काउंसलर नियुक्त किया गया, ताकि वह अनावेदिका को शांतिपूर्वक घर में रहने में सहयोग कर सके।