रायपुर

पदोन्नति में आरक्षण को लेकर विद्युत कंपनी में काल्पनिक प्रक्रिया चल रही-संघ
22-Feb-2025 6:43 PM
पदोन्नति में आरक्षण को लेकर विद्युत कंपनी में काल्पनिक प्रक्रिया चल रही-संघ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर,  22 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल आरक्षित वर्ग अधिकारी संघ का कहना है कि पदोन्नति में आरक्षण को लेकर राज्य सरकार द्वारा  16 अप्रैल 24 को जारी हाईकोर्ट के निर्देशानुसार आरक्षण नियम के नियम 5 को अधिसूचित करने हेतु पिंगुआ कमिटी का गठन किया गया है। वहीं पर विद्युत कंपनी प्रबंधन द्वारा छ.ग. शासन से अनुमोदन प्राप्त किये बिना सामान्य पदोन्नति की प्रक्रिया काल्पनिक वरिष्ठता के आधार पर किया जा रहा है। संघ के महासचिव जीके मंडावी व सदस्यों ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि विद्युत कंपनी प्रबंधन  18 अप्रैल 24 को जारी हाईकोर्ट के आदेश के विपरीत भूतलक्षी प्रभाव से यानि 24 वर्ष पूर्व  23 जून 2004 से काल्पनिक वरिष्ठता सूची जारी कर असंवैधानिक रूप से सामान्य वर्गों की पदोन्नति की प्रक्रिया दिसम्बर 2024 से प्रारम्भ कर दी गयी है। साथ ही वरिष्ठ अनुसूचित जाति व जनजाति कर्मचारी एवं अधिकारी को दरकिनार करते हुए कनिष्ठ सामान्य वर्गों के ही कर्मचारियों एवं अधिकारियों को लाभान्वित किया जा रहा है। और पदोन्नति आदेश जारी भी कर दिये गये है। 

मंडावी ने कहा है कि  इस संबंध में उर्जा विभाग, के द्वारा विद्युत कंपनी को मई 23 को नियुक्तियों एवं चयन प्रक्रियाओं में आरक्षण के संबंध में निर्देशित किया गया है। लेकिन विद्युत कंपनी प्रबंधन शासन के निर्देश,  सुप्रीम कोर्ट एवं हाई कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ के बहुसंख्यक अजजा अधिकारी कर्मचारियों के लिए खेद की बात है कि  मुख्यमंत्री के अधीन विद्युत कंपनी में हाईकोर्ट के आदेश का गलत व्याख्या कर खुद की पदोन्नति प्रक्रिया बनाकर केवल सामान्य वर्गों के अधिकारी एवं कर्मचारियों का पदोन्नति किया जा रहा है। 

संघ ने विद्युत कंपनी प्रबंधन के तानाशाही रवैया के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा किया है। इसमें 27 फरवरी तक छत्तीसगढ़ के प्रत्येक कार्यालय स्तर पर संवैधानिक जागरूकता एव जनसंर्पक अभियान चलाकर विद्युत कंपनी के पक्षपात पूर्वक कार्यशैली को उजागर किया जा रहा है ।इसके बाद  28 फरवरी को कंपनी मुख्यालय डंगनिया में विरोध प्रदर्शन,  10 मार्च को क्षेत्रीय  मुख्यालय स्तर पर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश  विरोध प्रदर्शन,17 मार्च से क्षेत्रीय एवं मुख्यालय स्तर पर अनिश्चितकालीन सामूहिक धरना प्रदर्शन किया जायेगा।


अन्य पोस्ट