रायपुर
दो वर्ष पहले भी हुए थे प्रयास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 फरवरी। छत्तीसगढ़ को बहुत जल्द एक बड़ा झटका लगने जा रहा है ।आयकर का छत्तीसगढ (रायपुर)सर्किल एक अप्रैल से नागपुर (विदर्भ) के साथ मर्ज होने जा रहा है । संसद सत्र के दूसरे चरण की बैठकों में नए बजट के पारित होने के बाद औपचारिक आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
यहां बता दें कि दे वर्ष पूर्व वर्ष 22-23 में भी केंद्रीय वित्त मंत्रालय के आयकर महानिदेशालय ने यह कवायद की थी। इसका सर्किल के अधिकारी कर्मचारी संगठनों ने जमकर विरोध किया था। तब महानिदेशालय ने विवाद को शांत करने निर्णय/आदेश रोक दिया था। इस बार यह मर्जर रूकने की संभावना नहीं है। राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ सर्किल, मप्र में रहा है। यह विभागीय सेटअप में संयुक्त रूप से एमपी सीजी सर्किल के रूप में दर्ज है। दोनों ही राज्यों के कर्मियों अफसरों को कोई दिक्कत भी नहीं है। किंतु नागपुर के साथ नए मर्जर के प्लान का विरोध बढ़ सकता है। यह बताया गया है कि महाराष्ट्र के दो अन्य सर्किल पुणे, मुंबई के मुकाबले नागपुर में कम रेवेन्यु कलेक्शन और पोटेंशियल में भी कमी को देखते हुए वहां के प्रशासनिक,राजनीतिक नेतृत्व ने वित्त मंत्रालय में दबाव बनाते हुए छत्तीसगढ़ के मर्जर को मंजूर करा लिया है। छत्तीसगढ़ सर्किल का टोटल रेवेन्यू कलेक्शन10- 12 हजार करोड़ का रहता है। यहां एसेसीसी भी अधिक है। वहीं सर्च एण्ड सीजर में भी लक्ष्य से अधिक राजस्व मिलता है। कमिश्नर स्तर पर रेवेन्यू 65 सौ करोड़ तो टीडीएस में 75 सौ करोड़ है। सूत्रों के मुताबिक एक अप्रैल से सीजी विदर्भ आईटी सर्किल काम करने लगेगा।