रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 फरवरी। रेल प्रशासन के सौतेले व उदासीन रवैये के कारण ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के आह्वान पर गुरुवार को सुबह से रनिंग स्टाफ 36 घण्टे भूखे रहकर ट्रेनेें चला रहा हैं। जो ड्यूटी से उतर चुके हैं वे अपने-अपने क्रुलॉबी के सामने धरना दे रहे हैं। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के जोनल महासचिव व्ही. के. तिवारी ने बताया कि लोको पायलटों की भारी कमी, लदान लक्ष्य में प्रतिवर्ष वृद्धि से रनिंग स्टाफ को पर्याप्त विश्राम/अवकाश न मिलने से शारीरिक और मानसिक दबाव में गाडिय़ों का संचालन करने से गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहा हैं। संरक्षा मानकों की अनदेखी से हो रही रेल दुर्घटनाओं का दोषी भी रनिंग स्टाफ को ही ठहरा दिया जाता है। बीएमवाय चरौदा में यह धरना मंडल अध्यक्ष आरके विश्वकर्मा, सचिव केपी हिरवानी, कोषाध्यक्ष नितिन कुकड़े के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे हैं। इनके अलावा डीटीसी बिलासपुर में भी आंदोलन जारी है।