रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 फरवरी। निगम अमले की लापरवाही और चुनावी शोरगुल में एक ह्रदयविदारक घटना हो गई। जोन 9 अंतर्गत वार्ड 7 कुशाभाऊ ठाकरे के दलदल सिवनी के आर्मी चौक पर एक 6 वर्ष के बच्चे पर कुत्तों के झुंड ने जानलेवा हमला कर अधमरा कर दिया । मिली जानकारी के मुताबिक 13 फरवरी को मोहल्ले के बच्चे शाम को सायकल चला रहे थे। उसी दौरान कुत्तों के झुंड ने अचानक आक्रामक होकर बच्चो को दौडाना शुरू किया। इससे घबरा और अपनी जान बचाने तेजी से सायकल चलाने के फेर में एक बच्चा वासु कश्यप सडक़ में गिर गया। और कुत्तों का झुंड वासु पर टूट पड़ा। बच्चे चारों तरफ से दांतों में दबाकर सडक़ से लगे खाली प्लॉट में ले गए और वहां 10 मिनट तक बच्चे को नोंचते रहे, जिससे बच्चे के शरीर में दांत गड़ाकर 100 से ज्यादा छेद कर दिए इतना ही नहीं वासु के पीठ और सर का मांस कुत्तों ने नोच खाया।
दूसरे बच्चों ने वासु के पिता को घर से बुलाकर लाए तब उनके पिता ने कुत्तों को भगाकर वासु को बाहर निकाला । बच्चे को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका ईलाज जारी है। उसकी सिर की चमड़ी उखाड़ा, और पूरे शरीर में 100 अन्य जगह काटा।
रोज सुबह शहर भ्रमण पर निकलने वाले कमिश्नरों, जेसी को नजर नहीं आते वही मोहल्ले वासी सुबह शाम टहलने के दौरान हाथ में डंडे लेकर चलने मजबूर है क्योंकि लगातार आक्रामक कुत्तों का आतंक मोहल्ले में बढ़ते जा रहा है। वही कॉलोनी वासियों से बातचीत करने पर पता चला कि नगर निगम को कई दफा वह फोन कॉल कर शिकायत कर चुके हैं लेकिन निगम में कोई सुनवाई नहीं हो रही। जिससे स्थानीय निवासी दहशत में है।
50 करोड़ का बजट कहां जा रहा
दूसरी ओर निगम अपने बजट में हर वर्ष डाग और काउ केचर,बघियाकरण अभियान के लिए 50 करोड़ रूपए रखता है उसका उपयोग किन कार्यों में होता है ऐसी घटनाएं पोल खोलती हैं।
...और ये लोग कुत्तों के मरने पर कराहते रहेंगे
इस घटना के बाद कुत्तों के हमदर्द,एनजीओ संचालक जानवर प्रेमियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही होगी। वे को किसी आवारा आंतकी कुत्ते पैर कटने, टूटने, आंख फूंटने, और मरने पर ही कराहते रहेंगे। उन्हें ऐसे मासूम,बुजुर्ग के घायल होने से मतलब नहीं रह जाता। इनके परिजनों के साथ भी ऐसी अनहोनी पर भी इन्हें कुत्तों की परवाह होगी ।
2022 के बाद कोई अभियान नहीं
गूगल में सर्च करने पर मालूम होता है कि जुलाई 22 के बाद से निगम ने शहर में कुत्ता पकड़ अभियान नहीं चलाया है।5 जनवरी 22 को निगम के हवाले से अपलोड जानकारी के मुताबिक निगम ने दावा किया है कि उस वक्त रोज औसतन 15-20 कुत्ते पकड़े जा रहे हैं। 2022 तक के पांच वर्ष में 15438 कुत्तों की नसबंदी और ,21 में 3861 की नसबंदी की गई। निदान 1100 कॉल सेंटर में पूरे शहर से रोजाना कुत्तों के आतंक की शिकायतें आती हैं इन पर यदि कार्रवाई होती तो वासू आज अस्पताल में न होता। निगम में आधा दर्जन वेटनरी डॉक्टर पदस्थ हैं वो क्या करते हैं उसे जस्टीफाय करने यह घटना काफी है।
किसी वीवीआईपी बच्चे के साथ अनहोनी का इंतजार...
निगम ने एक बार फिर धरपकड़ अभियान बंद कर रखा है । पिछले वर्षों में भी हाईकोर्ट की फटकार के बाद ही निगम ने कुछ दिन अभियान चलाया था। उसके बाद से अमला हाथ पर हाथ धरे हाईकोर्ट की फटकार या इससे भी बड़ी वारदात या फिर किसी वीवीआईपी के साथ अनहोनी का इंतजार कर रहा है?। निगम कमिश्नर से लेकर सभी अपर उपायुक्त ,जेसी रोजाना सुबह शहर भ्रमण करते हैं और उनको ये आवारा कुत्ते नजर न आना समझ से परे है? । उनकी जिम्मेदारी बड़े बजट के निर्माण कार्य या नए कार्यों के प्रस्ताव की संभावना तलाशने की होती है या दी जाती है। वैसे अफसर शहर के ऐसे आउटर वार्ड मोहल्लों के बजाए वीआईपी मोहल्लों में व्यवस्था बनाए रखने को तवज्जो देते हैं ।
