रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 फरवरी। निकाय और पंचायत चुनावों के नतीजों की पृष्ठ भूमि में छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 24 फरवरी से शुरू हो रहा है ।इस दौरान सरकार अपना दूसरा बजट पेश करेगी।इसके लिए वित्त विभाग ने दो डेट सुझाए हैं। पहला 28 फरवरी और दूसरा 3-5 मार्च के बीच। सीएम विष्णु देव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के बीच आज शाम होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा । इसी बैठक में सीएम साय के विभागों के नए प्रस्ताव मंजूर किए जाएंगे।
सत्र के लिए भाजपा और विपक्ष के विधायकों ने कुल 1,862 सवाल लगाए हैं, जिनमें से अधिकांश ऑनलाइन माध्यम से प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें 943 तारांकित और 871 अतारांकित सवाल शामिल हैं।
सत्र के पहले दिन राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण होगा। यह उनका पहला अभिभाषण होगा। अब तक सरकार की ओर से किसी भी विधेयक की सूचना नहीं दी गई है । संकेत है कि सत्र केअंतिम दिनों में धर्मांतरण पर प्रतिबंध लगाने और नजूल जमीन पर कब्जा धारियों को पट्टी देने संबंधी भू राजस्व संशोधन विधेयक पेश हो सकते हैं। बजट सत्र 21 मार्च को समाप्त होगा।