रायपुर

लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी, ‘प्री-बिड कॉन्फ्रेंस’, 27तक टेंडर खरीदे जा सकेंगे
15-Feb-2025 3:55 PM
लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी, ‘प्री-बिड कॉन्फ्रेंस’, 27तक टेंडर खरीदे जा सकेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 फरवरी। 
संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म ने  बस्तर के बैलाडीला क्षेत्र के लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी को लेकर आज नवा  ‘प्री-बिड कॉन्फ्रेंस’ का आयोजन किया । इस बैठक में देशभर से आए खनन निवेशकों और बोलीदाताओं ने भाग लिया, जहां नीलामी प्रक्रिया, निवेश अवसरों, और खनिज संसाधनों पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में स्थित तीन विश्व स्तरीय लौह अयस्क ब्लॉक एवं उत्तर बस्तर कांकेर के एक ब्लॉक की नीलामी प्रक्रिया पर चर्चा की गई। खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर दिए और ई-नीलामी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

खनिज विभाग के सचिव  पी. दयानंद ने बोलीदाताओं को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। 
जीएसआई के डिप्टी डायरेक्टर जनरल अमित धारवडक़र ने बताया कि  बैलाडीला से दल्लीराजहरा तक फैला लौह अयस्क क्षेत्र विश्व के महत्वपूर्ण लौह अयस्क भंडारों में गिना जाता है, जो भारत के इस्पात उद्योग की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

खनिकर्म संचालक  सुनील कुमार जैन ने नीलामी प्रक्रिया और लौह अयस्क ब्लॉकों के महत्व पर प्रकाश डाला ।  संयुक्त संचालक एवं नोडल अधिकारी (ऑक्शन)  अनुराग दीवान ने कहा कि नीलामी प्रक्रिया के तहत 27 फरवरी  तक दोपहर 3 बजे तक ऑनलाइन टेंडर डॉक्युमेंट खरीदे जा सकते हैं। 28 फरवरी तक दोपहर 3 बजे तक टेंडर सबमिट करने की अंतिम तिथि है। इच्छुक बोलीदाता नवा रायपुर स्थित संचालनालय भौमिकी एवं खनिकर्म, इंद्रावती भवन, ब्लॉक-4, द्वितीय तल पर जाकर  विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। 

प्री-बिड कॉन्फ्रेंस में देशभर के खनन कंपनियों, औद्योगिक समूहों और निवेशकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


अन्य पोस्ट