रायपुर
सबसे पहले महापौर/अध्यक्ष और उसके बाद पार्षद के लिए होगी मतगणना
11 बजे तक महापौरों का स्पष्ट रूझान आएगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 फरवरी। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सर्वेश्वर भूरे ने परसों होने वाली मतगणना को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए? उप जिला निर्वाचन अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने कहा ईडीबी की गणना रिटर्निंग अधिकारी के टेबल पर की जाएगी। गणना सबसे पहले महापौर/अध्यक्ष पद के लिए और उसके बाद क्रमश: वार्डवार (वार्ड क्रं. 1 से प्रारंभ करते हुए) की जाएगी। जिस पद/वार्ड के मतपत्र खोले जा रहे हों उसके अभ्यर्थियों या अभिकर्ताओं की उपस्थिति में सारी कार्रवाई होगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को बताया गया कि एक वार्ड के सभी मतदान केन्द्रों की मतगणना एक ही टेबल पर होगी। मतदान केन्द्रों की संख्या अधिक होने पर आयोग की अनुमति से अधिकतम दो टेबल लगाए जा सकते हैं। परंतु एक एक कर मतदान केन्द्रवार ही मतगणना होगी, न कि सभी मशीनें एक साथ गणना में शामिल कर ली जाएंगी। यदि किसी मतदान केन्द्र पर मतदान के दौरान मशीन बदली गई हो तो उस केन्द्र की सभी मशीनें एक ही चक्र में गिनी जायेंगी। यदि किसी मतदान केंद्र पर एक से अधिक ईव्हीएम का उपयोग किया गया है तो संबंधित राउंड में सभी मशीनें (सी) एक साथ दी जाएगी और उनकी उसी राउंड में गणना की जाएगी।
किसी भी स्थिति में एक राउंड की सभी मशीनें हटाये जाने के बाद ही अगले राउंड की मशीनें गणना के लिए लायी जाएंगी।
भाजपा को अच्छी सफलता मिलेगी-साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कल के नतीजों पर उम्मीद जताते हुए कहा कि हमें इन चुनाव में भी अच्छी सफलता मिलेगी। जैसे विधानसभा-लोकसभा में मिली थी। 13 महीने में नगरीय निकाय क्षेत्र में विकास के अच्छे काम हुए हैं। इससे जनता का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ा है। कांग्रेस को लोग देख चुके हैं। जनता ठगी गई है। उस पर विश्वास नहीं रहा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि, आश्वस्त है चुनाव परिणाम हमारे पक्ष में आएंगे। भाजपा ने इस चुनाव को पूरी गंभीरता लड़ा है। अटल विश्वास पत्र शहर की जनता के समक्ष प्रस्तुत किया। इसमें नगरीय निकाय के चुनाव के लिए रोड मैप प्रस्तुत किया गया। साथ ही 13 महीने में हमने पूरी प्रतिबद्धता से काम किया है। उम्मीद है भाजपा अधिकांश नगरीय निकाय चुनाव जीतेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि प्रदेश में हुए मतदान से यह स्पष्ट है हरेक शहर और नगर में परिवर्तन की प्रचण्ड लहर बह रही है और कांग्रेस के कुशासन और कुनीतियों से त्रस्त मतदाता कांग्रेस को उखाड़ फेंकने के निश्चय के साथ मतदान केंद्रों तक पहुँचे थे।
श्री देव ने कहा कि मतदाताओं ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने जिस प्रकार अपने इस पाँच साल के कार्यकाल में धोखाधड़ी और छलावा किया, उसे लेकर लोगों में बहुत नाराजगी है। श्री देव ने कहा कि प्रदेश के हर वर्ग के साथ धोखाधड़ी करके पूरे छत्तीसगढ़ को निराशा के गर्त में धकेलने वाली कांग्रेस की गिनती पूरी हो चुकी है।
सभी निगमों में कांग्रेस जीतेगी - बैज
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि निकाय चुनाव में मतदान के बाद जो तस्वीर साफ हुई उससे यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस अधिकांश निकायों में चुनाव जीतेगी। प्रदेश में भाजपा की सरकार के खिलाफ वातारण है। भाजपा की साय सरकार ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में जनता को निराश किया है। इसीलिये जनता ने भाजपा के खिलाफ मतदान किया है।
बैज ने कहा कि यह स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा सरकार की नाकामी और वादाखिलाफी पर लड़ा गया। पिछले 1 साल में भाजपा की साय सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है। सरकार से युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति हर वर्ग के लोग निराश है। सब सरकार के अपने आपको ठगा महसूस कर रहे है। भाजपा की विष्णुदेव सरकार 1 साल में विफल साबित हो गई। राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। साय सरकार के 1 साल में विष्णु का सुशासन तो दूर विष्णु की सरकार कही नहीं दिख रही। जनता की नाराजगी इन चुनावों में भाजपा की हार का कारण बनेगी।
बैज ने कहा कि नगरी निकायों के चुनावों के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की भूमिका बेहद ही संदिग्ध और आपत्तिजनक रही है। चुनाव के दौरान ईवीएम खराब रही, बंद रही। निर्वाचन आयोग पूरे मतदान के दौरान सुस्त रहा। चुनाव के बाद जो वोट परसेंटेज जारी किया उसमें कोटा नगर पंचायत में 138 प्रतिशत मतदान होना और नवागढ़ नगर पंचायत में 103.50 प्रतिशत वोट होना बताया है। यह है निर्वाचन आयोग की कार्य प्रगति इस पर कैसे विश्वास करें।
मतगणना केन्द्र सेजबहार कॉलेज में पार्किंग प्लान
मतगणना कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारियों एवं प्रत्याशियों के अभिकर्ता एवं प्रिंट/इलेक्ट्रानिक मीडिया वाहनों के पार्किंग हेतु यातायात पुलिस द्वारा अलग-अलग मार्ग एवं पार्किग व्यवस्था निर्धारित किया गया है जो निम्नानुसार है:-
मतगणना के दौरान शास.इंजीनियरिंग कालेज के मुख्य द्वार से केवल आब्जर्वर/आरओ/एआरओ के वाहन को प्रवेश की अनुमति होगी।
मतगणना कार्य में लगे शासकीय अधिकारी-कर्मचारी अपना वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज गेट के बाजू मैदान में पार्क कर पैदल मतगणना स्थल में प्रवेश करेंगे।
मतगणना के दौरान प्रत्याशी एवं गणना एजेंट अपना वाहन इंजीनियरिंग कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने निर्धारित पार्किंग में पार्क कर पैदल प्रवेश करेंगे।
प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया के वाहन इंजी0 कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर निर्धारित पार्किंग स्थल में पार्क होगी।
मतगणना के दौरान पुराना धमतरी रोड पर कमल विहार तिराहा और भरेंगाभाठा चौक से भारी वाहनों को डायवर्ट किया जायेगा