रायपुर

लाइन लॉस में 3-15 फीसदी की कमी का दावा, स्मार्ट मीटरिंग अन्य राज्यों से बेहतर
13-Feb-2025 6:13 PM
लाइन लॉस में 3-15 फीसदी की कमी का दावा, स्मार्ट मीटरिंग अन्य राज्यों से बेहतर

आरईसी के सीएमडी विवेक देवांगन ने की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 फरवरी। ग्रामीण विद्युतीकरण निगम (आर.ई.सी.) के सीएमडी  विवेक कुमार देवांगन ने केंद्र की महत्वाकांक्षी  रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम की समीक्षा की।  प्रदेश के प्रमुख सचिव ऊर्जा सुबोध कुमार सिंह, ऊर्जा विभाग के विशेष सचिव सुनील कुमार जैन, प्रबंध संचालक डिस्कॉम  भीमसिंह कंवर  उपस्थित थे।

आर.ई.सी. की ओर से ईडी राहुल द्विवेदी,  टी. चंद्रशेखर सखामुरी,  प्रदीप फेलोस उपस्थित थे। इसमें लाइन लॉस कम करने, उपभोक्ता परिसरों में स्मार्ट मीटर की स्थापना, नवीनीकरण कार्य के साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति तथा संबंधित विषयों की चर्चा की गई। लाइन लॉस रिडक्शन में छत्तीसगढ़ की 41.35 प्रतिशत उपलब्धि को देश में चौथे नम्बर पर माना गया जो अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर स्थिति में है। स्मार्ट मीटर लगाने के मामले में छत्तीसगढ़ 20 प्रतिशत उपलब्धि के साथ देश का तीसरा राज्य है।

छत्तीसगढ़ में आरडीएसएस का कार्य 2023 से शुरू हुआ है, जबकि दूसरे राज्यों में यह कार्य 2021 में शुरू हुआ था।श्री देवांगन ने कहा कि अन्य राज्यों में आई समस्याओं का अध्ययन कर योजना के क्रियान्वयन में सुधार किया जा सकता है। स्मार्ट मीटरिंग और नेट मीटरिंग के बारे में व्यापक जनशिक्षा और जन-जागरूकता आवश्यक है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उपभोक्ताओं को दिलाने वाले सुधारों का स्वागत किया जाएगा। बैठक में उर्जा विभाग, क्रेडा और विद्युत कंपनी के सभी अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एजीएम (जनसंपर्क)  उमेश कुमार मिश्र ने किया।

लाइन लॉस में बड़ी गिरावट का दावा:  फीडरों में स्मार्ट मीटर लगाने से लाइन लॉस में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बताया गया कि राजिम फीडर में लाइन लॉस 66 से घटकर 15 प्रतिशत, रायपुर सिटी साउथ में 35 से घटकर 3 प्रतिशत, अंबिकापुर सिटी में 32 से घटकर 9.16 प्रतिशत, मनेंद्रगढ़ में 21.88 से घटकर 6 प्रतिशत दर्ज हुआ है।


अन्य पोस्ट