रायपुर

कांग्रेसी कुशासन खत्म, हम शानदार और ऐतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रहे-भाजपा
12-Feb-2025 6:48 PM
कांग्रेसी कुशासन खत्म, हम शानदार और ऐतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रहे-भाजपा

अग्रवाल-मूणत ने माना आभार

रायपुर, 12 फरवरी। सांसद और रायपुर निगम चुनाव के संयोजक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक व  सह-संयोजक राजेश मूणत ने चुनाव में स्वस्फूर्त मतदान करने के लिए राजधानी की मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। श्री अग्रवाल और श्री मूणत ने बताया कि मंगलवार को हुए मतदान ने यह साफ संदेश दे दिया है कि रायपुर नगर निगम में पिछले 15 वर्षों के कांग्रेस का कुशासन खत्म हो चुका है और भाजपा शानदार व ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही है।

श्री अग्रवाल और श्री मूणत ने मतदान के प्रति अभूतपूर्व उत्साह के लिए जनता का आभार माना और कहा कि मतदान के प्रति यह उत्साह और उमंग ‘अटल विश्वास पत्र’ में व्यक्त भाजपा के संकल्पों और मोदी की गारंटी पर मुहर है।  रायपुर में शहर-सरकार बनते ही भाजपा अपने संकल्प पत्र पर पूरी ईमानदारी के साथ अमल करेगी।

श्री अग्रवाल और श्री मूणत ने बताया कि मतदान के प्रति यह जागरुकता राजधानी को सँवारने के हमारे संकल्पों की बुनियाद सिद्ध होने जा रही है। परिवर्तन की लहर पूरे प्रदेश के साख ही राजधानी में भी महसूस की जा रही थी, जिसमें कांग्रेस और कांग्रेस के भ्रष्ट, कमीशनखोर महापौरों व अध्यक्षों समेत निकायों में कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों का राजनीतिक तम्बू उखडऩे जा रहा है। श्री अग्रवाल और श्री मूणत ने बताया कि मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में जनादेश दे दिया है जिसकी घोषणा 15 फरवरी को  होगी।


अन्य पोस्ट