रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
तिल्दा नेवरा, 6 फरवरी। नगर पालिका तिल्दा नेवरा के चुनावी मैदान में इस बार बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। बीजेपी ने जहां अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, वहीं कांग्रेस भी अपनी रणनीति के साथ मजबूती से डटी हुई है।
कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा भाजपा के लिए जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं, तो दूसरी ओर कांग्रेस के प्रत्याशी लक्ष्मी नारायण वर्मा के प्रचार के लिए छाया वर्मा, राम गिड़लानी, शैलेश नितिन त्रिवेदी मैदान में डटे हुए हैं।
भाजपा प्रत्याशी चन्द्रकला वर्मा ने अपने चुनाव प्रचार को गति देते हुए घर-घर जाकर जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने जनता से आशीर्वाद लिया और अपने संकल्पों को साझा किया। जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा प्रत्याशियों ने मतदाताओं से सीधा संवाद किया और नगर के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
चन्द्रकला वर्मा ने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता नगर के चहुंमुखी विकास और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। वहीं, पार्षद प्रत्याशी जयेश पैकरा, ईश्वर यदु, विनोद नेताम ने क्षेत्र की समस्याओं को हल करने और जनसेवा को अपना मुख्य लक्ष्य बताया। विभिन्न क्षेत्रों में किए गए जनसंपर्क के दौरान लोगों ने बड़े उत्साह के साथ भाजपा उम्मीदवारों का स्वागत किया और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। भाजपा प्रत्याशियों का यह जनसंपर्क अभियान लगातार जारी है, जिससे चुनावी माहौल में तेजी देखने को मिल रही है।
कांग्रेस के अध्यक्ष प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण वर्मा वार्डों में जाकर सघन जनसंपर्क कर रहे है । वार्ड क्रमांक 4 , 3 में जनसंपर्क किया वार्ड क्रमांक चार में पार्षद प्रत्याशी दशरथ डहरिया के साथ उन्होंने जनता का आशीर्वाद लिया।
गोदड़ी धाम में पूजा-अर्चना कर आम लंगर में अध्यक्ष प्रत्याशी लक्ष्मीनारायण वर्मा, राम गिड़लानी, पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी, एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता और पार्षद प्रत्याशी ,भारी संख्या में समर्थक और नागरिकगण मौजूद रहे।
बीजेपी और कांग्रेस में सीधी टक्कर
नगर पालिका अध्यक्ष के लिए आम आदमी पार्टी के साथ कुछ निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में उतरे है, लेकिन बीजेपी और कांग्रेस में सीधी टक्कर दिख रही है।
इस बार का नगर पालिका चुनाव बेहद दिलचस्प होता जा रहा है, जहां भाजपा अपने संगठन के दम पर जनता को लुभाने में लगी हुई है, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी अपने कार्यों के बल पर जनता का विश्वास जीतने की कोशिश कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि तिल्दा नेवरा की जनता किसे अपना नया अध्यक्ष चुनती है और कौन इस नगर के विकास का जिम्मा संभालता है।