रायपुर

सराफा बाजार में आयकर ने शुरू किया सर्वे का सिलसिला
05-Feb-2025 4:19 PM
सराफा बाजार में आयकर ने शुरू किया सर्वे का सिलसिला

 एम.ए ज्वेलर्स में आयकर दबिश 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी।
आयकर अन्वेषण विंग ने एक लंबे अर्से बाद वह भी वित्त वर्ष के अंतिम महीनों में सराफा बाजार की ओर रूख किया है। टीमें कल से धमतरी और राजधानी के दो कारोबारियों के यहां सर्वे कर रही है । इनमें  सदर बाजार स्थित एम.ए ज्वेलर्स और धमतरी के सदर में सेठिया ज्वेलर्स शामिल है।

दोनों ही बुलियन मार्केट के थोक कारोबारी बताए गए हैं। इनके लेखों में कम एंट्री और कच्चे में बड़े अघोषित कारोबार की पुष्टि पर यह कार्रवाई की गई है । आयकर मूल्यांकन विंग के सूत्रों ने बताया कि सर्वेक्षण में लाखों  के आभूषण और बुलियन सहित बड़ी मात्रा में बेहिसाब सोने के स्टॉक का पता चला, जिसकी इनके आधिकारिक खातों में कोई संगत प्रविष्टि नहीं थी। निष्कर्षों से यह स्पष्ट रूप से पता चलता है कि दोनों थोक आभूषण विक्रेता पुस्तकों से बाहर नकद बिक्री में लगे हुए थे, जिससे काफी कर देनदारियों से बच रहे थे। इस सर्वे में  स्टॉक रिकॉर्ड में बड़े पैमाने पर विसंगतियां पकड़ी गई है। जिसमें बड़ी  अघोषित आय का खुलासा होने का आंकलन किया है।   अधिकारियों ने संकेत दिया कि सर्वेक्षण अभियान उच्च मूल्य वाले आभूषण क्षेत्र में कर चोरी पर लगाम लगाने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है। 

आने वाले दिनों में और भी सर्वे होंगे 
आयकर निर्धारण विंग के सूत्रों ने कहा कि 31मार्च के पहले  आने वाले डेढ़ महीनों में सर्वे और तेज किए जाएंगे। ताकि सख्त कर अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके और चालू वित्त वर्ष के लिए राजकोषीय राजस्व लक्ष्य हासिल किए जा सकें।ज्ज् कर विभाग वित्तीय अनियमितताओं को बेअसर करने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में राजस्व रिसाव का पता लगाने के लिए फोरेंसिक ऑडिट और मूल्यांकन विशेषज्ञों की मदद ले रहा है। विभाग ने सराफा के अलावा, आटोमोबाइल, गल्ला,इलेक्ट्रॉनिक,मोबाइल मार्केट के रिकार्ड खंगाल लिया है।


अन्य पोस्ट