रायपुर
गारे पेलमा के पांच ईनाम श्रेष्ठ कार्यों के प्रतीक - सुबोध सिंह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 फरवरी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर जनरेशन कंपनी लिमिटेड को गारे पेलमा खदान के संचालन में सुरक्षा संबंधी मापदण्डों के पालन के लिए केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के महानिदेशालय खान सुरक्षा ने पांच पुरस्कार दिए हैं। से इस उपलब्धि के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा है कि यह हमारी टीम की प्रतिबद्धता और सुरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रतीक है।
विश्रामपुर में आयोजित वार्षिक खान सुरक्षा पखवाड़ा के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न श्रेणियों में गारे पेलमा सेक्टर तीन, कोयला खदान को विविध पुरस्कार प्राप्त हुए। ओवरऑल ग्रुप ई (उत्पादन क्षमता 3 मिलियन टन से 5 मिलियन टन तक) में प्रथम, इंजीनियरिंग एक्सेवेशन में प्रथम, सेफ्टी मैनेजमेंट प्लान में प्रथम, डस्ट सप्रेशन में द्वितीय, इल्यूमिनेशन (मांइस में लाइट की व्यवस्था) में द्वितीय, एक्सप्लोसिव (विस्फोटक) में द्वितीय, गारे पेलमा सेक्टर तीन कोयला खदान द्वारा प्रदर्शित एक्सीबिशन एवं स्टॉल हेतु द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। ओवरऑल ग्रुप ई (उत्पादन क्षमता 3 मिलियन टन से 5 मिलियन टन तक) की श्रेणी में गारे पेलमा सेक्टर तीन कोयला खदान को विगत चार वर्षों से प्रथम पुरस्कार प्राप्त हो रहा है, जो कि सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
जनरेशन कंपनी के एमडी एस. के. कटियार, ईडी एम. आर. बागड़े ने ट्राफियां पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह को सौंपे।