रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 3 फरवरी। एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी अफगानिस्तान और उससे लगे ईरान के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 9.4 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में पूर्वी से हवा आ रही है जिसके कारण न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है किंतु हल्की गिरावट संभावित है। प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश में 4 फरवरी से न्यूनतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है । उसके बाद 6 और 7 फरवरी को न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना बन रही है। इस अवधि में प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
इससे पहले बीती रात केवल पेंड्रा ,बलरामपुर और सरगुजा में ही ठंड रही। जहां तापमान 10-14 डिग्री दर्ज किया गया। शेष प्रदेश से रात की ठंड भी गायब हो गई है । राजधानी रायपुर प्रदेश में सर्वाधिक 19.7 डिग्री के साथ गर्म रहा। वहीं अन्य शहर 16 डिग्री से अधिक ही रहे । मौसम विशेषग्य एचपी चंद्रा ने बताया कि मौसम अभी ऐसा ही रहेगा । कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। गर्मी बने रहने के साथ बढऩे के आसार हैं।