रायपुर
रायपुर, 3 फरवरी। बस्तर के गांव गांव को इंटरनेट ब्रॉडबैंड से जोडऩे का ठेका लेने में फर्जीवाड़ा सामने आया है। केंद्रीय बीएसएनएल ये निविदा में भाग लेने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर मेसर्स दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड के विरूद्ध चिप्स के सीईओ ने सिविल लाईन थाने में एफआईआर दर्ज कराया है। सीईओ के अनुसार टेंडर के लिए मेसर्स दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड के अनुभव प्रमाण पत्र के संबंध में जाँच करने पर यह संज्ञान में आया कि ऐसा अनुभव प्रमाण पत्र चिप्स ने कभी जारी ही नहीं किया था। चिप्स ने पत्राचार के माध्यम से मे. दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड से यह जानने का हर संभव प्रयास किया कि यह अनुभव प्रमाण पत्र उन्हें (मे. दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड) कैसे और किसकी मदद से प्राप्त हुई परन्तु मे. दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड ने अब तक अपेक्षित जानकारी नहीं दी है। उक्त घटना की गंभीरता को देखते हुए इस घटना की पूर्णत: निष्पक्ष और व्यापक जाँच हेतु सीईओ चिप्स ने 2 फरवरी 2025 मे. दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड के विरुद्ध सिविल लाइन्स थाने में आवश्यक कार्यवाही करने हेतु पत्र प्रेषित किया है। गौरतलब है कि बीएसएनएल द्वारा जारी की गयी निविदा में भाग लेने हेतु मे. दिनेश इंजीनियरिंग लिमिटेड ने चिप्स के भारतनेट फेज-2 परियोजना के अनुभव प्रमाण पत्र निविदा दस्तावेज़ में इस्तेमाल किया है।
दरअसल इस फर्म ने बीएसएनएल में ठेका लेने के लिए छत्तीसगढ़ के सरकारी उपक्रम चिप्स में काम करने का अनुभव प्रमाणपत्र लगाया।
बीएसएनएल ने इसे क्रास चेक करवाया, तो चिप्स ने ऐसा सर्टीफिकेट ही जारी करने से इंकार कर दिया। सिविल लाइंस थाने में चारसौबीसी की रिपोर्ट भेज दी है।