रायपुर
कृषि विवि में दीक्षांत, 4200 विद्यार्थियों को उपाधि, 16 को स्वर्ण पदक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 फरवरी। राज्यपाल रमेन डेका एवं कुलाधिपति इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर ने विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह में मेधावी छात्र छात्राओं को उपाधियां वितरित किये।
समारोह में शैक्षणिक वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 तक उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को पदक एवं उपाधियां वितरित की गई। मेधावी विद्यार्थियों को 16 स्वर्ण, 18 रजत एवं 4 कास्य पदक प्रदान किए गए साथ ही लगभग 4200 विद्यार्थियों को ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन और पी.एच.डी उपाधि प्रदान की गई। अपने संबोधन में
राज्यपाल डेका ने कृषि की महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में युद्ध समाप्त होगा लेकिन खाद्य साम्रगी की हमेशा जरूरत पडं़ेगी। उन्होंने डॉ स्वामीनाथन के योगदानों का जिक्र किया श्वेत क्रांति से दूध के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब नीली क्रांति का दौर है और आज मत्स्य पालन में देश काफी आगे बढ़ चुका है। भूटान और ताइवान प्रवास के दौरान कृषि कार्य से जुड़े कुछ रोचक तथ्यों को साझा किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्तमान में भारत में सर्वाधिक जनसंख्या युवाओं की है। देश एवं प्रदेश की प्रगति में भी युवा शक्ति का भी उल्लेखनीय योगदान है। ऊर्जा से भरे प्रतिभाशाली युवाओं के बूते निश्चित ही हम विकसित छत्तीसगढ़ के सपनों को मूर्त रूप प्रदान करेेंगें।
समारोह में दीक्षांत भाषण इंटरनेशनल सेंटर फॉर जेनेटिक इंजिनियरिंग एण्ड बायोटेक्नोलॉजी, नई दिल्ली के पूर्व महानिदेशक डॉ. वांगा शिवा रेड्डी ने दिया। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने दीक्षांत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। आभार प्रदर्शन कुलसचिव ने किया। दीक्षांत समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रबंध मण्डल तथा विद्या परिषद के सदस्यगण, प्राध्यापक, वैज्ञानिक, विश्वविद्यालय के अधिकारी, उपाधि तथा पदक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी तथा उनके पालक उपस्थित थे।
रिसर्च लैब भी देखा
राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित आर एच रिछारिया रिसर्च लैब का अवलोकन किया। राज्यपाल श्री डेका ने रिसर्च कर रहे विद्यार्थियों व स्कॉलरों के साथ चर्चा की। राज्यपाल ने चावल के इंडीजिनस किस्मों के बारे में भी जाना। उन्होंने क्रॉप बायोफार्टिकेशन लैब के अवलोकन के दौरान संजीवनी राइस, जिंको राइस, न्यूट्री रिच राइस जीनोटाइप सहित असम से लाए बम्बू टिश्यू कल्चर को लेकर किए जा रहे नए प्रयोगों को देखा।