रायपुर

बजट पर सबका अपना-अपना नजरिया
01-Feb-2025 3:41 PM
बजट पर सबका अपना-अपना नजरिया

ग्रामीण उत्थान का प्रतीक है बजट- चौधरी 

रायपुर, 1 फरवरी। प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि केंद्रीय बजट आत्मनिर्भरता, समावेशिता और ग्रामीण उत्थान का प्रतीक है। गरीब कल्याण, किसानों की भलाई, महिलाओं के सम्मान व युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अब 12 लाख रुपये तक की आय पर कोई आयकर नहीं देना होगा, यह निर्णय करदाताओं के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। इससे मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक स्वतंत्रता मिलेगी और वे अपनी आय का बेहतर उपयोग कर सकेंगे।

चौधरी ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का निर्णय लिया, जिससे किसानों को लाभ होगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के तहत 1.7 करोड़ किसानों को मदद मिलेगी। आम बजट में ग्रामीण विकास, किसान सशक्तिकरण और देश की समृद्धि के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं। चौधरी ने  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी और  वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण  का आभार।

झूठे वादे, खोखले दावे का बजट - दीपक बैज


रायपुर, 1 फरवरी। केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि अर्थव्यवस्था को गर्त में ले जाने वाला घोर निराशाजनक बजट है। दावा था 8 से 9 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ रेट का लेकिन हकीकत 7 प्रतिशत से कम है। मोदी सरकार का फोकस केवल बिहार चुनाव पर है, जहा इसी वर्ष अक्टूबर नवंबर में चुनाव है मखाना बोर्ड केवल बिहार के लिए देश के बाकी किसान भाजपा सरकार के फोकस में नहीं हैं। छत्तीसगढ़ के नई राजधानी में एम्स का अपोजिट पिछले 3 साल से अटका है इस बजट में उसके लिए भी कोई प्रावधान नहीं है। रावघाट सहित नई रेल लाइन रायपुर- बलौदा होकर रायगढ़ का अब तक सर्वे तक नहीं करवा पाए हैं।इस बजट में बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही जनता के लिए प्रत्यक्ष तौर पर कोई राहत रियायत या सब्सिडी नहीं है। केंद्रीय विभागों नवरत्न कंपनियों और सरकारी उपक्रमों में लाखों की संख्या में पद रिक्त हैं लेकिन उन्हें भरने के लिए कोई कार्य योजना इस बजट में नहीं दिख रही है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि देश के किसानों की केवल दो प्रमुख मांग है स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार लागत पर 50 प्रतिशत लाभ के आधार पर एसपी तय हो और देश के प्रत्येक किसान को एसपी की कानूनी गारंटी मिले लेकिन इस बजट में इन दोनों प्रमुख मांगों का जिक्र ही नहीं है, मोदी सरकार के बजट में एक बार फिर से किसानों को ठगा है। केवल क्रेडिट कार्ड से कर्ज की लिमिट बढ़ाने से किसानों का भला नहीं हो सकता।

बुजुर्गों में खुशी का माहौल 
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री व प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने  बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बुजुर्ग वरिष्ठ नागरिकों को राहत देने बजट निरूपित करते टीडीएस कटौती सीमा को पचास हजार से बढ़ाकर एक लाख करने पर खुशी जाहिर किया। साथ ही आयकर की सीमा को भी 7 लाख से बढ़ाकर 12 लाख किए जाने की घोषणा को वेतनभागी लोगो के लिए कल्याणकारी कदम निरूपित किया है।

मध्यम वर्ग में उत्साह- वर्मा 
राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष और राज्य अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने  पीएम मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेश के लाखों कर्मचारियों की ओर से आभार जताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री की इस घोषणा के बाद से कर्मचारी और मध्यम वर्ग के परिवारों में अलग ही उत्साह दिख रहा है। कर्मचारी संगठन पिछले कई वर्षों से आयकर में छूट की मांग करते रहे हैं। और आज इसे पूरा करने वाले पीएम और वित्त मंत्री को धन्यवाद।

यह भारत के सुनहरे भविष्य की उदघोषणा है - बजाज 
भाजपा नेता एवं जिला पंचायत रायपुर के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि 12 लाख रुपये तक आय में छूट देने, किसान क्रेडिट कार्ड से कृषि ऋण सीमा 3 लाख रु. से बढ़ा कर 5 लाख रु. करने, किसानों के लिए धन-धान्य योजना प्रारंभ करने तथा दलहन की खेती को प्रोत्साहन देने की योजना का स्वागत किया है। 

कौशल उन्नयन बढ़ेगा-शुक्ला
शिक्षा एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े डॉ. संजय शुक्ला ने कहा कि छात्रों को नवाचार और वैज्ञानिक अनुसंधान के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में 50 हजार स्कूलों में च् अटल टिकलिंग लैब च् की स्थापना तथा ग्रामीण स्कूलों में ब्रॉड बेंड सुविधा मुहैया कराने जैसी घोषणाएं डिजिटल शिक्षा के विकास में महत्वपूर्ण कदम है। बजट में घोषित  5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्किलिंग युवाओं के कौशल उन्नयन में काफी सहायक होगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में 36 जीवन रक्षक दवाओं के आयात पर कस्टम ड्यूटी में छूट, मेडिकल उपकरणों व कैंसर की दवाओं में छूट इलाज के खर्च में राहत दिला सकती है। 

देश में कैंसर के बढ़ते मामलों के मद्देनजर 200 जिला अस्पतालों में कैंसर - डे सेंटर की स्थापना से इस रोग से पीड़ित ग्रामीण मरीजों को राहत मिलेगा।


अन्य पोस्ट