रायपुर

मेकाहारा में कैंसर विंग 8 फ्लोर का बनेगा
31-Jan-2025 7:12 PM
मेकाहारा में कैंसर विंग 8 फ्लोर का बनेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 31 जनवरी। स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्रीमती किरण कौशल और कलेक्टर डॉ गौरव सिंह ने अंबेडकर अस्पताल में विकास कार्यों के संबंध में  बैठक ली और परिसर का निरीक्षण किया।

 कॉलेज के डीन डा. विवेक चौधरी ने उन्हें  बताया कि परिसर के कैंसर अस्पताल को दो से 8 फ्लोर के अस्पताल में बदलने के लिए निर्माण कार्य जल्दी शुरू किया जाएगा। इसके अलावा  वन विभाग से प्राप्त शासकीय जमीन में रेसीडेंट क्वार्टर, हास्टल  निर्माण कार्य, 1500 सीटेड ऑडिटोरियम के बाहरी भाग का सौंदर्यीकरण किया जाना है।  डा. चौधरगी की ओर से मेडिकल कालेज के प्रजेंटेशन के बाद सचिव कटारिया ने कहा कि आवश्यकताओं एवं भावी योजनाओं के लिए मास्टर बनाया जाना जरूरी होगा।  बैठक में अस्पताल के विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई।

बैठक में कहा गया मरीजों के परिजनों के ठहरने के लिए उपयुक्त व्यवस्था  की जाए जिसमें सर्वसुविधायुक्त डारमेंट्री, कमरे इत्यादि शामिल हो। इसके अलावा, मरीजों और परिजनों के लिए भोजन वितरण की व्यवस्था करने वाले समाज सेवी व्यक्तियों के लिए एक मेस हाल बनाने कहा। साथ ही सिकलसेल जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए गए।

 अधीक्षक ने  आगामी चार वर्ष की कार्ययोजना की  स्वास्थ्य सचिव को जानकारी दी ।इसमें  चिकित्सालय के लिए गार्बेज मैनेजमेंट हेतु कार्डियोलॉजी विभाग के बगल में रास्ता बनाया जाना, एसएनसीयू एवं आईसीयू से फायर एक्जिट का निर्माण करवाया जाना एवं एमआरडी के रिकार्ड के लिए ई-फाइलिंग जैसी भावी योजनाएं प्रस्तावित हैं।

 डिजिटलाइजेशन की दिशा में नेक्स्ट जेन ई हॉस्पिटल के क्रियान्वयन के सम्बन्ध में डॉ. ओंकार खण्डवाल ने स्वास्थ्य सचिव को जानकारी दी और टेली रेडियोलॉजी की सुविधा के बारे में अवगत कराया। इस बैठक में सीजीएमसी डायरेक्टर श्रीमती पदमिनी भोई, चिकित्सा महाविद्यालय के डीन  विवेक चौधरी, अधीक्षक संतोष सोनकर सहित अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट