रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 जनवरी। निकाय और पंचायत चुनाव में मतदान के लिए वोटर्स को छुट्टी मिलेगी । राज्य निर्वाचन आयोग ने तीन दिन सार्वजनिक और सामान्य अवकाश की घोषणा की गई है।
आदेश के अनुसार राज्य में 11 फरवरी, 17 फरवरी और 20 फरवरी को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। केवल वहां के सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। जिस क्षेत्र में मतदान होगा, वहां उस दिन छुट्टी रहेगी। 17 फरवरी को मतदान वाले क्षेत्र में तीन दिन 15-16-17 तीन दिन लगातार अवकाश का लाभ मिलेगा।
राज्य में नगरीय निकाय और पंचायत के लिए चार चरणों में मतदान होना है, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने केवल तीन ही दिन सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इसके पीछे कारण यह है कि 23 फरवरी को रविवार है, इस वजह से इस तारीख को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा नहीं की गई है।
बता दें कि इस बार नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव के कार्यक्रमों की घोषणा एक साथ की गई। नगरीय क्षेत्रों में चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। आज नाम वापसी का अंतिम दिन है। नगरीय निकायों में शामिल 10 नगर निगम, 49 नगर परिषद और 114 नगर पंचायत के लिए 11 फरवरी को मतदान होगा।
उधर, 27 जनवरी से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की भी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके बाद 17, 20 और 23 फरवरी तो तीन चरणों में मतदान होगा। नगरीय निकाय चुनाव में जहां ईवीएम से वोटिंग होगी, वहीं पंचायतों में बैलेट पेपर के जरिये वोट डाले जाएंगे।