रायपुर

कांग्रेस की सूची बता रही कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और अपमान-साव
29-Jan-2025 3:40 PM
कांग्रेस की सूची बता रही कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और अपमान-साव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 जनवरी। 
बुधवार को एकात्म परिसर डिप्टी सीएम अरूण साव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस की हालत सबके सामने है। पिछले 5 दिनों में जो मंजर प्रदेशवासियों ने देखा है, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी में कैसी ऊहापोह और आपाधापी मची है, किस तरह से और कैसे प्रत्याशियों का चयन हो रहा है। श्री साव ने कहा कि यह कितनी दुर्भाग्यजनक बात है कि महापौर जैसे पद के लिए कांग्रेस के पास जमीन पर काम करने वाली कोई कांग्रेस नेत्री नहीं मिली! अपने कार्यकर्ताओं की कैसी उपेक्षा और अपमान कांग्रेस पार्टी ने किया है, यह प्रत्याशियों का विश्लेषण करने पर साफ हो जाएगा। कम-से-कम महापौर के पद पर भी संगठन में, जनता के बीच काम करने वाले प्रत्याशी तक कांग्रेस लेकर नहीं आ पाई। श्री साव ने कहा कि कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम में 15 साल राज किया। राज्य के अधिकांश नगर निगमों में कांग्रेस का बहुमत था, पर निवर्तमान महापौर, जो नगरीय निकाय के पदाधिकारी हैं, उनको कांग्रेस पार्टी ने छिपा लिया क्योंकि उन्हें पता है जनता में उनके प्रति काफी आक्रोश है। रायपुर में 15 साल में कांग्रेस ने नगर निगम में कैसी दुर्दशा की, कैसे-कैसे बड़े-बड़े घोटाले किए, रायपुर शहर की जनता के सामने है। पिछले 5 साल में प्रदेश के सारे नगरीय निकायों में कांग्रेस के लोगों ने जो दुर्दशा की है, विकास को अवरुद्ध किया है, विकास के लिए राशि नहीं दी, केवल बंदरबाँट और लूट मचाई। साव ने कहा कि कांग्रेस का कोई एमआईसी का मेंबर निर्दलीय चुनाव लड़ रहा है, कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं। 

कांग्रेस ने जो प्रत्याशी घोषित किए हैं, उसके खिलाफ लगातार नाराजगी के मामले आ रहे हैं। यह बताता है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव के मैदान में जाने से पहले हार मान गई है। कांग्रेस नेताओं ने जनता का मूड समझ लिया है। जनता तो पूरी तरह कांग्रेस को सबक सिखाने के मूड में है। श्री साव ने कहा कि एक तरफ 5 साल में विकास को अवरुद्ध किया, जनता को परेशान किया, वहीं दूसरी ओर यही वह कांग्रेस पार्टी है जिसने अप्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराकर जनता के अधिकारों को छीनने का काम किया था। लोकतंत्र में मताधिकार सबसे बड़ा अधिकार होता है और जनता को अपना महापौर और अध्यक्ष चुनने का अधिकार होता है। संविधान की मूल भावना के विपरीत जाकर एक तरफ जहाँ जनता के अधिकार को छीनने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया, जोड़-तोड़ और खरीद-फरोख्त करके निकायों में अपनी सरकार बना ली और सरकार बनाने के बाद क्या-क्या किया, विकास को अवरुद्ध किया, घोटाले किए, भ्रष्टाचार किया, शहरों की दुर्दशा कर दी।

प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि कांग्रेस ने भू-माफियाओं को पनपाया, कैसे शहर को दोनों हाथों से लूटने का काम किया, जनता को मूलभूत सुविधाओं से महरूम किया। अब जनता कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है और इसका संकेत भाजपा की मंगलवार की नामांकन रेलियों में मिला है। कांग्रेस पार्टी जिस प्रकार से नामांकन रैली नहीं कर पाई, कहीं नामांकन रैली रद्द हुई, यह हालत कांग्रेस पार्टी की बन चुकी है। यह स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी चुनाव में जाने से पहले हार मान गई है। श्री साव ने कहा कि वहीं दूसरी ओर, पिछले 1 साल में नगरीय निकायों में विकास के प्रदेश की भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में काफी काम किए हैं। 

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी एवं प्रदेश प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट