रायपुर
डेका का पहला अभिभाषण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 जनवरी। छत्तीसगढ़ की पांचवी विधानसभा का दूसरा बजट सत्र 24 फरवरी गुरूवार से 21 मार्च तक आहूत किया गया है। इस दौरान सदन की 17बैठकें, और करीब 14 दिन अवकाश के होंगे। पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण से सत्र शुरू होगा । रमेन डेका, पहला अभिभाषण देंगे। सत्र में साय सरकार का दूसरा बजट मार्च के पहले सप्ताह में पेश किया जाएगा। इस दौरान 13मार्च से तीन दिन होली का अवकाश रहेगा। सत्र के लिए सदस्य सोमवार से प्रश्न जमा कर सकेंगे । इस सत्र में आबकारी घोटाले में ईडी की गिरफ्त में आने के बाद कांग्रेस के विधायक कवासी लखमा भाग नहीं ले पाएंगे।उनसे पहले देवेंद्र यादव भी मानसून सत्र से सदन की बैठकों में शामिल नहीं हो पा रहे है। इस सत्र में सरकार कुछ विधेयक भी पेश करेगी। इनमें से धर्मांतरण संशोधन विधेयक प्रमुख है।यह सत्र जीरो प्वाइंट स्थित विधान भवन में ही होगा। नवा रायपुर में नए भवन का निर्माण पूरा न होने से यह सत्र वहां नहीं हो पाएगा। पूर्व में स्पीकर डॉ रमन सिंह ने रजत जयंती वर्ष का पहला सत्र नए भवन में करने की बात कही थी। लेकिन बड़े पैमाने पर स्ट्रक्चरल निर्माण ही शेष है। लोनिवि ने जून तक पूरा करने की डेड लाइन दी है। समझा जा रहा है अगला मानसून सत्र नए भवन में आहूत किया जा सकता है। इसे संबोधित करने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आने के संकेत हैं।