रायपुर

कुंभ क्षेत्र की सफाई में जुटे आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवक
23-Jan-2025 6:43 PM
कुंभ क्षेत्र की सफाई में जुटे आर्ट ऑफ लिविंग के स्वयंसेवक

रायपुर, 23 जनवरी। प्रयागराज महाकुम्भ में गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर की संस्था आर्ट ऑफ लिविंग, कुम्भ क्षेत्र के सफाई कर्मचारियों के लिए नि:शुल्क नवचेतना शिविर का आयोजन कर रही है। यह शिविर 21 जनवरी से 26 फरवरी तक की अवधि में कुम्भ नगर क्षेत्र के सभी 25 सेक्टरों के सफाई कर्मियों के लिए नि:शुल्क आयोजित  किया जाएगा। 

आर्ट ऑफ लिविंग के प्रदेश स्तर के निदेशक एवं वरिष्ठ प्रशिक्षक प्रदीप पाठक ने जानकारी देते हुए बताया, "नवचेतना शिविर कार्यक्रम, सफाई कर्मियों के मानसिक और शारीरिक सशक्तिकरण के माध्यम से आंतरिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।" इस शिविर में आर्ट ऑफ लिविंग के 60 से 70 अनुभवी प्रशिक्षक प्राणायाम, ध्यान, नशामुक्ति और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सफाई कर्मचारियों का मार्गदर्शन करेंगे। प्रत्येक शिविर तीन दिनों तक, प्रतिदिन लगभग 2 से 2.30 घंटे तक चलेगा।  बतौर प्रदीप पाठक "आर्ट ऑफ लिविंग के नवचेतना शिविर में आर्थिक रूप से कमज़ोर समुदायों को नि:शुल्क ध्यान, प्राणायाम के साथ-साथ भीतरी और बाहरी स्वच्छता और नशामुक्ति के प्रति जागरूकता  शामिल है। इसके साथ ही उन्हें समुदाय के साथ मिलकर समाज में कुछ बड़ा और सकारात्मक करने के लिए आवश्यक ज्ञान और तकनीकें सिखाई जाती हैं जिससे उनके भीतर आत्मविश्वास, मानसिक स्पष्टता और जिम्मेदारी लेने की भावना का संचार होता है। इस शिविर के माध्यम से सफाईकर्मियों को नकारात्मक भावनाओं को नियंत्रित करने और मानसिक तनाव से निपटने में बहुत मदद मिलती है ।


अन्य पोस्ट