रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 जनवरी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने गुरुवार को प्रेस ब्रीफ में कहा कि नगरीय निकाय के चुनावों में कांग्रेस ने जनता से कन्नी काट ली है। कांग्रेस और उसके प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज जनता के बीच जाने से डर रहे हैं। पिछले 5 साल सरकार चलाते कांग्रेस ने जिस प्रकार जनता के सपनो को कुचला, अब वह जनता के बीच जाने से घबरा गई है। कांग्रेस का विजन केवल भ्रष्टाचार है, कांग्रेस का संकल्प केवल कुशासन है, ये कांग्रेस भी जानती है और जनता भी जान गई है। इसीलिए कांग्रेस ने जनता से सुझाव नहीं मांगे।
प्रेस ब्रीफ मेंअनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल भी मौजूद रहे।
भाजपा नैरेटिव फैलाकर नगरी निकाय चुनाव को प्रभावित करने षड्यंत्र रच रही: इधर, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने नगरीय निकाय चुनाव के लिए गठित भाजपा के नैरेटिव व कंटेंट टीम पर तंज कसा।
उन्होने कहा कि भाजपा नगरीय निकाय चुनाव में मोदी की गारंटी में से कितनी गारंटी पूरी हुई है और साय का सुशासन के नारा से जनता को कितना लाभ हुआ है यह बताने में असमर्थ है। इसलिए नैरेटिव व कंटेंट टीम बनाकर नगरीय निकाय चुनाव में नफरत, वैमनस्यता, हिंदू मुस्लिम, का विवाद पैदाकर चुनाव को प्रभावित करने का षड्यंत्र रच रही है। वैसे तो भाजपा जन्मजात ही नफरत फैलाने वाली पार्टी है।
भाजपा कभी काम के दम पर चुनाव नही लड़ सकती है क्योंकि ये चुनाव में जनता को घोषणा कर के बड़े-बड़े ख्वाब दिखाये थे अब उन वादों को पूरा करने में भाजपा सरकार के पसीने छूट रहे है। इस कमेटी के संयोजक की नियुक्ति पर ठाकुर ने कहा कि इस टीम के द्वारा नगरीय निकाय चुनाव में नफरत प्रोपोगंडा फैलाया जाएगा उसका मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा। जनता के बीच भाजपा नफरती चेहरा उजागर हो गया है कि भाजपा नफरत उन्माद हिंसा फैलाने वाली पार्टी है और भाजपा को इसका मुंहतोड़ जवाब जनता भी देगी।