रायपुर

प्रदेश का हर वर्ग नाराज है, चुनाव में यही हमारे मुद्दे होंगे- बैज
21-Jan-2025 6:58 PM
 प्रदेश का हर वर्ग नाराज है, चुनाव में यही हमारे मुद्दे होंगे- बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 जनवरी। निकाय पंचायत चुनाव की घोषणा के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने मंगलवार को राजीव भवन में पत्रकार वार्ता ली।उन्होंने दोनों चुनाव के परिणामों की डेट पर आपत्ति जताई । बैज ने कहा कि जब एक साथ चुनाव की अधिसूचना जारी हुई है। आचार संहिता एक साथ लगी है। पंचायतों एवं निकायों के परिणाम एक साथ घोषित होना चाहिये।अमूमन निर्वाचन आयोग  भले मतदान अलग-अलग तिथि पर हो, परिणाम एक साथ ही आते है। इस संबंध में हमने प्रदेश निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखा है। कांग्रेस के तरफ से आपत्ति दर्ज कराया है।

बैज ने कहा कि वचुनाव के कार्यक्रम घोषित होने से छात्रों एवं अभिभावकों की परेशानियां बढ़ गयी है। चुनाव और परीक्षाएं टकरा रही है। स्कूलों की परीक्षाएं भी लगभग इसी समय चलेगी। हमने सरकार से पहले भी मांग किया था, ऐसी व्यवस्था बने जिससे परीक्षाएं न टकरायें। पहले भाजपा ने हार के डर से चुनाव नहीं कराया और अब आलोचना से डरकर चुनाव की घोषणा हुई तो परीक्षाओं का ख्याल नहीं रखा गया।

बैज ने कहा यह स्थानीय निकाय चुनाव भाजपा सरकार की नाकामी और वादा खिलाफी पर लड़ा जायेगा। पिछले 1 साल में भाजपा की साय सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है। सरकार से युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति हर वर्ग के लोग निराश है। सब सरकार से अपने आपको ठगा महसूस कर रहे है।

 वनरक्षकों, पुलिस आरक्षकों तथा सरकारी नौकरी में हुए भ्रष्टाचार एवं सरकारी नौकरियां बेचे जाने के कारण युवा सरकार से नाराज है। विधानसभा चुनाव में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया था एक साल में 20 हजार नौकरियां मिलना था लेकिन एक साल में भर्ती नहीं निकाली गयी। युवा ठगे महसूस कर रहे है। हम नगरीय निकायों और पंचायतों में इसको मुद्दा बनाने जा रहे है।


अन्य पोस्ट