रायपुर

राह चलते वृद्धा से पर्स लूटा, रेस्टोरेंट और घर में सेंधमारी
21-Jan-2025 3:59 PM
राह चलते वृद्धा से पर्स लूटा, रेस्टोरेंट और घर में सेंधमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जनवरी।
बाइक सवार लुटेरे बहू के साथ स्कूटी में जा रही सास के गले में लटका पर्स ले भागे। वहीं दो अलग अलग घटनाओं में चोर जेवर बाइक,मोबाइल और नगदी ले भागे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की पड़ताल कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ओम विहार कॉलोनी महावीर नगर निवासी पुष्पलता देवांगन (35)सोमवार शाम 4.30 बजे अपनी सास के साथ स्कूटी से जा रही थी। अमलीडीह के गोल्डन टॉवर के पास बाइक सवार दो युवक पीछे से आए और सास के गले में लटका पर्स झपट्टा मारकर ले भागे। पर्स में सोने के दो झुमके, रेडमी का मोबाइल कुल कीमत 90 हजार रूपए थे।

सास चिल्लाती रह गई और दोनो लुटेरे भाग निकले। घटना स्थल न्यू राजेन्द्र नगर थाने से कुछ फर्लांग ही दूर है। कहा जा सकता है कि थाने के पास ही यह लुटेरे  यह वारदात कर गए। शाम 7.30 बजे थाने पहुंची पुष्पलता की रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 304-2,3-5 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

इधर तेलीबांधा जलाशय के सामने स्थित हल्दीराम रेस्टारेंट में सेंधमारी का मामला दर्ज किया है। रविवार सोमवार की रात वीकेंड बिजनेस के बाद सभी कर्मचारी रात 12 बजे रेस्टारेंट बंद कर घर चले गए थे। और उसके बाद यह घटना हुई।  चोर रेस्टोरेंट का दरवाजा तोडक़र भीतर घुसे और कैश काउंटर के दराज में रखे नगद 22239 और एक सेमसंग का मोबाइल ले भागे। रेस्टोरेंट के कर्मचारी मो आदिल ने कल शाम तेलीबांधा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके मुताबिक चोरी रात 2.30 के आसपास हुई।

उधर,वीर सावरकर नगर में मस्जिद के पीछे रहने वाले जितेंद्र प्रसाद के सूने मकान का ताला तोडक़र चोर आलमारी में रखे जेवर कीमत 95 हजार ले भागे। यह घटना 13-17 जनवरी के बीच किसी समय हुई। जितेंद्र ने कल रात कबीर नगर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। आरडीए कालोनी रायपुरा निवासी भानु प्रताप सारथी की बाइक सीजी 04-एचडब्लू 0278 चोर ले भागे। पुलिस सभी मामले दर्ज कर मुखबीर की मदद,सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की तलाश कर रही है ।


अन्य पोस्ट