रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 जनवरी। साइबर फ्रांड के मामले में पुलिस ने राजधनी के दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। डीएड में प्रवेश दिलाने के नाम पर बीएससी की छात्रा और शेयर मार्केट में पैसा लगाने पर 10 प्रतिशत कमीशन का झांसा देकर युवक- युवती से कुल 9 लाख रूपए की ठगी हो गई। अज्ञात व्यक्ति ने युवती को जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान में डीएड में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर 48500 हजार रूपए की धोखाधड़ी कर दी, तो युवक को शेयर में इन्वेस्ट करने पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत कमीशन का झांसा देकर 8.50 लाख रूपए ले लिए
पुलिस के मुताबिक घटना तीन मा पूर्व की है। इसकी रिपोर्ट ब्राम्हणपारा निवासी पूजा साहू आजाद चौक थाना में दर्ज कराई है। उसने बताया कि वह बीएससी फायनल की छात्रा है। उसे 21 सितम्बर 2024 को अज्ञात मोबाईल नंबर 7805838837 से संदीप नामक व्यक्ति, का फोन आया था। उसने खुद को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बीटीआई ग्राउण्ड शंकर नगर का अधिकारी बताकर डीएड मे एडमिशन दिलाने की बात कही। इसके लिए उसने पैसों की मांग कर संस्थान मे एडमिशन करवाने का आशवासन दिया था। जिसके लिए उसने मार्कशीट व काउसलिंग लिस्ट भेजने को कहा। पूजा उसके झांसे में आ गई और मांगे गए दस्तावेज और रूपए को किश्तों में आरोपी के खाता में ऑनलाईन माध्यम से जमा करा दिए। जिसके बाद पूजा को नवम्बर में फोन कर कॉलेज में एडमिशन के लिए बुलाया गया। कॉलेज जाने के बाद संदीप को फोन करने पर कोई जवाब नहीं दिया। पूछताछ करने पर पता चला की इस नाम का कोई भी व्यक्ति वहां काम नहीं करता। धोखाधडी होने के शक में पूजा ने इसकी रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई है।
उधर टिकरापारा इलाके में शेयर मार्केट में निवेश करने पर 10 प्रतिशत का लाभ देने का झांसा देकर युवक से ठगी हो गई। जीतेंद्र कुमार साहू ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई है।
जीतेंद्र ने बताया कि सात माह पूर्व उसके परिचित सौरभ शर्मा ने शेयर मार्केट में निवेश करने पर हर माह 10 प्रतिशत कमीशन की बात कही थी। जीतेंद्र ने उसकी बातों में भरोसा कर दूसरे दिन बैंक यूपीआई के माध्यम से किश्तों में 8 लाख 50 हजार रूपए जमा करा दिए।
एक माह बाद सौरभ शर्मा से लाभांश के पैसे मांगे तब उसने मुझे मना कर दिया। एवं अपना नंबर बंद कर दिया। संदेह होने पर जीतेंद्र ने सौरभ शर्मा के खिलाफ शेयर मार्केट में निवेश करा लाभांस का झांसा देकर धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपी के खिलाफ 318-4, 111, 3-5 और 420 का अपराध दर्ज किया है। खातों में ट्रंजेक् शन और मोबाइल नम्बर की जांच पड़ताल कर रही है।
उत्कर्ष स्माल फायनेंस के कुल 104 म्यूल खाताधारकों के खिलाफ सायबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज
साइबर पुलिस ने कल शाम फ्रांड का पैसा खाता में ट्रांसफर करने वाले खाता धारकों को चिंहाकित कर कुल 104 खाता धरियों के खिलाफ धारा 317(2) ,317(4) ,317 (5) , 111 ,3(5) बी एन एस का अपराध दर्ज किया है। साइबर पुलिस ने गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल के माध्यम प्राप्त सूचना के आधार पर शहर में संचालित 104 म्यूल एकाउंट धारकों के विरूद्ध रेंज सायबर ने काईवाई की है। प्राप्त सूचना के आधार पर इन 104 खाता धारकों द्वारा अपने खाता से फ्रांड का पैसा कुल 36.48448 लाख रूपए का हस्तांतरण किया गया था। ऐसे म्यूल बैंक एकाउण्ट जिसका इस्तेमाल सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि का व्ययन करने, उपयोग करने व संवर्धन करने के लिए उपयोग में लाया गया है, से संबंधित जानकारी समन्वय पोर्टल से एकत्रित की किया गया था। जिसमें उत्कर्ष स्माल फायनेंस बैंक शाखा में कुल 104 बैंक खाता में सायबर धोखाधड़ी से प्राप्त राशि 36,48,448/- रूपयों का जमा होना पाया गया।